मायानगरी के नाम से मशहूर मुंबई के माहिम इलाके से एक हैरान कर देने वाले खबर सामने आई है। यहां माहिम की एक 16 वर्षीय लड़की को सोशल मीडिया पर अपने प्रेमी की पूर्व प्रेमिका की नग्न तस्वीरें अपलोड करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। दरअसल, बीते साल अक्टूबर में एक लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने उसकी नग्न (Nude) तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड की हैं। इसी मामले पर मुंबई पुलिस ने अब जाकर खुलासा किया है।

शिकायतकर्ता लड़की ने पुलिस को बताया था कि यह अंतरंग तस्वीरें उस वक्त की हैं, जब वह एक लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी। हालांकि, बाद में उसका ब्रेकअप हो गया था और लड़का किसी और के साथ रिलेशनशिप में चला गया था। पहले इस मामले में पुलिस को लगा कि अगर लड़की ने धोखा दिया होता तो शायद बदला लेने की फितरत में यह काम किया जा सकता था। लेकिन जब वह खुद एक रिश्ते में है तो ऐसा क्यों करेगा?

ऐसे में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 डी (स्टॉकिंग), 509 (विनम्रता का अपमान करने के इरादे से काम करना) और आईटी एक्ट की धारा 67 ए (प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक रूप में प्रकाशित या प्रसारित सामग्री) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करने का कारण भी था कि लड़की ने लड़के पर कोई शक नहीं जताया था।

इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सबसे पहले शिकायतकर्ता लड़की की तस्वीरें एप से हटवाई थी। हालांकि, लड़की के संदेह न जताने के बावजूद भी पुलिस के शक की सुई पूर्व प्रेमी पर ही थी। लेकिन मामले में ट्विस्ट तब आया जब सर्विस प्रोवाइडर ने आईपी एड्रेस और एप इस्तेमाल किये जाने वाले नंबर की जानकारी पुलिस को सौंपी।

इस जानकारी में सामने आया कि नंबर पूर्व प्रेमी के पिता का है। इसके बाद लड़के से पूछताछ की गई तो पता चला कि नंबर लड़के के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड था, लेकिन उपयोग वही करता था। वहीं दूसरी प्रेमिका से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि शिकायतकर्ता लड़की की फोटो लड़के के पिता के नंबर से उसी ने अपलोड की थी; ताकि किसी को उसपर शक न हो।

आरोपी लड़की, जिसकी उम्र मात्र 16 साल है; उसने बताया कि उसका प्रेमी रह-रह कर पुरानी प्रेमिका को याद करता रहता था। इस कारण मुझे जलन हुआ करती थी और इसीलिए मैंने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी थी। अब पुलिस इस मामले में आरोपी नाबालिग को मुंबई के डोंगरी के किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करेगी।