मुंबई के नालासोपारा में लगभग सात साल पहले एक शख्स की लाश मिली थी। उसके शव को बोरे में रखकर फेंक दिया गया था। पुलिस आरोपियों का पता लगा रही थी। बाद में मृतक की पहचान 21 साल के सुभाषचंद्र गुप्ता के रूप हुई। आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या करने से पहले उन्होंने उससे लूटपाट की थी। पुलिस ने जांच शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि वे बाद में जमानत पर छूट गए। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल था। उस वक्त पुलिस को मुख्य आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। उसका कोई अता-पता नहीं था। देखते-देखते सात साल से अधिक बीत गए मगर पुलिस ने उस आरोपी की तलाश जारी रखी।

अब लगभग सात साल के अधिक समय बाद पुलिस को कामयाबी मिली और इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को रविवार रात उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया। ये सब संभव हो पाया सिर्फ एक धुंधली तस्वीर और सितारा वाले टैटू से। हालांकि आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए टैटू से अपना नाम रिमूव करा लिया था। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है?

एक पुरानी तस्वीर और टैटू से पुलिस को मिली मदद

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के नालासोपारा में एक बोरे में शख्स का शव मिलने के सात साल से अधिक समय बाद हत्या के मुख्य आरोपी को रविवार को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के दाहिने हाथ पर एक पुराना टैटू और उसकी एक दशक पुरानी धुंधली तस्वीर ने पुलिस को उसे चित्रकूट जिले के राजापुर कस्बे से पकड़ने में मदद की। आरोपी शिवबाबू निषाद (28) को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उस पर नालासोपारा में 17 और 18 मार्च 2016 के बीच 21 साल के युवक सुभाषचंद्र गुप्ता की गला घोंटकर हत्या करने, उसका कीमती सामान लूटने और उसके शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का आरोप था।

लोग आरोपी को शिव भैया नाम से जानते थे

हत्या के आरोप में निशाद के साथियों रवि डांगुर, अभिजीत मिश्रा और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया था। एक आरोपी वारदात के समय नाबालिग था। अब आरोपी जमानत पर हैं और मामला अदालत में है। निषाद उस समय 20 साल का था। उस वक्त उसकी पहचान ‘शिव भैया’ के रूप में की गई थी। वह तुलिंज पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में मुख्य संदिग्ध के रूप में नामित किया गया था। उसका पता अज्ञात था। लंबित मामलों की जांच करते समय वसई क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरोपी यूपी में है। पुलिस को आरोपी की एक धुंधली तस्वीर मिली जो शायद 2013 में ली गई थी। वरिष्ठ निरीक्षक साहूराज रानावरे ने कहा कि तस्वीर में दाहिने हाथ पर उसका पूरा नाम और बांह पर चार सितारे गुदे हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर को उत्तरी राज्य के शारदुआ पुलिस स्टेशन में शेयर किया गया।

जांच से पता चला कि निशाद ने अपने नाम का टैटू हटा दिया था, लेकिन अपनी बांह पर तीन सितारे बरकरार रखे थे जैसा कि फोटो में है। टैटू के आधार पर पुलिस ने निशाद को हिरासत में लिया। पिछले सात सालों में उसने अपनी पत्नी का टैटू भी बनवाया था। क्राइम ब्रांच की एक टीम ने यूपी जाकर उससे पूछताछ की। उसने 2016 में हत्या करने की बात कबूल की।