मुंबई की यह घटना सितंबर 2022 की है। सांताक्रूज़ में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी कमलकांत शाह को दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जब उनका टेस्ट हुआ तो उनके शरीर में थैलियम और आर्सेनिक रसायन अधिक पाए गए। दो रासायनिक तत्वों की अधिक उपस्थिति के कारण डॉक्टरों ने उनके परिवार के सभी सदस्यों को टेस्ट कराने का निर्देश दिया। यहीं से केस की गत्थी सुलझने लगी और उनकी पत्नी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
19 सितंबर, 2022 को शाह की मौत हो गई। मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस को पता चला कि उनकी मां सरला देवी का एक महीने पहले 13 अगस्त, 2022 को इसी तरह के लक्षणों के साथ निधन हो गया था। टेस्ट से पता चला कि शाह के शरीर में आर्सेनिक की 425.76 और थैलियम की वैल्यू 362.34 थी। जबकि आर्सेनिक का सामान्य मान 0.4 से 11.9 और थैलियम का 0.15 से 0.63 है। पुलिस को यह भी पता चला कि शाह के परिवार के किसी अन्य सदस्य में थैलियम या आर्सेनिक के लक्षण नहीं दिखे। शाह की पत्नी कविता के शरीर में ये रसायन मौजूद थे लेकिन उनकी मात्रा कम थी। पुलिस को शाह की पत्नी कवित पर तब शक हुआ जब परिवार के सभी सदस्यों ने डॉक्टर्स की सिफारिश पर तुरंत परीक्षण करा लिया लेकिन कविता ने मना कर दिया था। वह 7-8 दिन बाद इस टेस्ट के लिए राजी हुई।
पुलिस के अनुसार, जब वे मामले की जांच कर रहे तो उन्हें पता लगा कि कविता ने ही अपनी सास और पति के लिए खाया बनाया और परोसा था। जांच के बाद पुलिस ने कहा कि कविता ने जांच में 8 दिन की देरी इसलिए की थी क्योंकि वह अपने खाने में रोज थोड़ा-थोड़ा जहरीला रसायन मिलाकर खा रही थी। वह चाहती थी कि जांच में उसके शरीर में भी रसायन दिख ताकि किसी को उस पर शक ना हो। सभी को लगे की वह भी इसका शिकार थी।
किसी और के साथ रिलेशन में थी कविता
पुलिस के मुताबिक, कविता के कॉल डिटेल और अन्य सबूतों से पता चला कि वह हितेश जैन नाम के एक शख्स के साथ रिलेशन में थी। पुलिस ने आगे कहा कि कविता और हितेश ने शाह के खाने में जहर देकर उसकी हत्या करने की साजिश रची थी। कथित तौर पर शाह और कविता अलग हो गए थे लेकिन मई 2022 में फिर से एक साथ रहने लगे। पुलिस ने दावा किया कि कविता अपने पति के लिए खाना बनाती थी और उसके भोजन में थोड़ी मात्रा में थैलियम और आर्सेनिक मिलाती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जैन ने थैलियम का ऑर्डर दिया था।
कविता और उसके प्रेमी जैन को दिसंबर 2022 में गिरफ्तार किया गया
अपनी जमानत दलीलों में कविता ने कहा था कि उसे इस मामले में फंसाया जा रहा है। उसने अपने पति की अच्छी देखभाल की। वह पति को खुद अस्पताल लेकर गई और भर्ती कराया। उसने यह भी दावा किया कि घर में खाना रसोइयों ने बनाया गया था। जिसे उसके पति सहित परिवार के सभी लोगों ने खाया था।
रिपोर्ट के अनुसार, मई में एक सत्र अदालत ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर विचार करते हुए कविता की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। उसमें कहा गया था कि शाह की मौत का अंतिम कारण थैलियम और आर्सेनिक था। जब डॉक्टरों ने पूरे परिवार को टेस्ट कराने को कहा तो कविता ने तुरंत परीक्षण कराने से इनकार कर दिया था और फिर आठ दिन बाद इसके लिए राजी हुई। जैन की जमानत याचिका फिलहाल लंबित है। मामले में भी सुनवाई शुरू नहीं हुई है।