मुंबई से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां बोरीवली इलाके में एक मां ने अपनी 11 साल की बेटी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। दरअसल, मां की दिमागी हालत सही नहीं थी। वह इसके लिए दवा भी खाती थी। एक दिन वह दवा लेना भूल गई। इसके बाद उसने बेटी को जान से मार दिया। लोग कहते हैं कि बच्चे अपनी मां के पास सबसे अधिक महफूज होते हैं। ऐसे में सोचिए जिस महिला की मानसिक हालत ठीक ना हो उसके साथ उसकी बच्ची किस खौफ में रहती होगी।

मानसिक रोगी है मां

रिपोर्ट के अनुसार, महिला अपनी मानसिक बीमारी का इलाज करा रही थी। वह बोरीवली इलाके में किराए के मकान में अपने पति और 11 साल की बेटी के साथ रहती थी। उसने रुवार रात दुपट्टे से गला घोंटकर बेटी को मार डाला और चाकू से अपनी कलाई काट कर खुद को मारने की कोशिश की। घटना में वह बच गई मगर बेटी की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, महिला के पति ने कस्तूरबा पुलिस स्टेशन को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने देखा कि महिला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी और बेटी गले में दुपट्टा डाले हुए अपनी मां के पास लेटी हुई थी।

अधिकारियों के अनुसार, महिला का पिछले 10 सालों से अंधेरी और बड़ौदा के दो अस्पताल में मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। उसने तीन दिनों तक अपनी दवाएं नहीं ली थीं। मामले में पुलिस ने बताया कि 11 साल की रुहानी को शताब्दी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं 46 साल की महिला का अभी इलाज चल रहा है।

परिवार ने एक साथ खाया खाना

पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हुई। परिवार ने साथ में खाना खाया। इसके बाद मां ने अपनी बेटी के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। लड़की के पिता लिविंग रूम में बैठे थे। उनकी इलाके में किराने की दुकान है। उन्होंने बताया कि उन्होंने चीखने की आवाज सुनी। उन्हें समझ आ गया कि बेटी को उसकी मां मार रही है। उन्होंने कहा कि दरवाजा खटखटाया मगर उसने नहीं खोला। थोड़ी देर बाद चीखें आनी बंद हो गईं।

पुलिस ने कहा कि जब वे पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने दरवाजा तोड़कर खोला। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मामले में पति का बयान दर्ज कर लिया गया है। मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है, “हमने महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है।”

अपार्टमेंट में रहने वाले एक शख्स ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “वे एक नॉर्मल परिवार की तरह रहते थे। हाल ही में सोसाइटी के एक कार्यक्रम में बेटी ने परफॉर्म किया था। वह एक खुशमिजाज लड़की थी। कल शाम वह अपने पालतू जानवर को नीचे टहला रही थी। जो कुछ भी हुआ वह चौंकाने वाला है।”