मध्य प्रदेश के मुरैना से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला के साथ तीन लोगों ने पहले गैंगरेप किया फिर इसे जिंदा आग के हवाले कर दिया। घटना से इलाके में दहशत है। फिलहाल पीड़िता अस्पताल में अपनी जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

मामले में एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि 80 फीसदी झुलसी पीड़िता का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार को अंबाह कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर चांद का पुरा गांव में हुई। अंबाह थाने के पुलिस निरीक्षक आलोक परिहार ने मीडिया को बताया कि पीड़िता एक महिला के साथ समझौता करने के लिए गांव गई थी। इस महिला ने अपने पति पर बलात्कार का आरोप लगाया था।

गांव के तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

अधिकारी ने आगे बताया कि एंबुलेंस में पीड़िता ने पति को दिए बयान में कहा कि चांदपुर गांव के तीन लोगों ने उससे बलात्कार किया। उसने कहा कि जब वह भागने लगी तो उसके साथ गई महिला सहित अन्य लोगों ने पेट्रोल डालकर उसे जला दिया।

महिला द्वारा दिए गए बयान का एक वीडियो भी सामने आया है। परिहार ने आगे कहा कि पीड़िता के पति ने वीडियो पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज करा दिया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। वहीं घटना से इलाके के लोग हैरान है। देखना है कि पुलिस मामले में आगे एक्शन लेती है।

बलरामपुर में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के देहात थाना क्षेत्र में कथित तौर पर दो युवकों ने एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बृजनंदन राय ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में घर के काम काज से करीब 14 साल की किशोरी बाजार गई थी और काफी देर होने के बाद घर नही पहुंची तो खोजबीन शुरु हुई।

उन्होंने आगे बताया कि बाद में पता चला कि दो युवकों ने सुनसान स्थान रेलवे पुल के नीचे ले जाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया है। सीओ ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोतवाली नगर क्षेत्र के महारानी धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया है।