बिहार में बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाने में घुसकर बदमाशों ने दो पुलिस वालों पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सामने बैठे दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। थाने में पुलिसवालों पर दिनदहाड़े चाकू से हमला करने के दुस्साहसपूर्ण घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद एक बार फिर राजनीतिक दलों को एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करने का अवसर मिल गया।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए ट्वीट कर कहा, “बधाई हो महाराज! बिहार में महाजंगलराज धमक चुका है। अब लुटेरी सरकार के गुंडे थानों में घुस पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडो से पीट रहे है। चाकुओं से गोद रहे है। दो-दो उपमुख्यमंत्री बनाने वाले महाराजा अपराध की बहती गंगा में गुंडागर्दी की आई बाढ़ पर मौन क्यों है?”
बधाई हो महाराज! बिहार में महाजंगलराज धमक चुका है। अब लुटेरी सरकार के गुंडे थानों में घुस पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडो से पीट रहे है। चाकुओं से गोद रहे है। दो-दो उपमुख्यमंत्री बनाने वाले महाराजा अपराध की बहती गंगा में गुंडागर्दी की आई बाढ़ पर मौन क्यों है?https://t.co/LTDMQPF3hL
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 10, 2020
बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चौक एरिया में गुरुवार सुबह एक बाइक सवार और ऑटो वाले के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गाड़ियों समेत पकड़कर थाने ले आई। यहां पर बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों के लोग आपस में ही भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस वाले उन्हें अलग करने की कोशिश की तो वे दो पुलिस वालों को चाकू भोंक दिए। थाने के अंदर पुलिस पर चाकू से हमले की घटना से हड़कंप मच गया। वहां मौजूद अन्य पुलिस वालों ने गंभीर रूप से घायल दोनों सिपाहियों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और हमलावरों में से चार को मौके पर ही पकड़ लिया।
हालांकि थाने में हमलावरों के साथ 20-25 अन्य लोग भी थे, लेकिन वे भाग निकले। पकड़े गए लोगों के नाम टुनू कुमार, आदिल कुमार और गोलू कुमार निवासी डुभुकी तथा विकास कुमार यादव निवासी चंद्रपुरा ब्रह्मपुर है। पुलिस अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।