मध्य प्रदेश के ग्वालियर जेल में बंद एक कैदी ने हैरान कर देने वाली घटना को अंजाम दिया है। इस कैदी ने अपना लिंग शिव को चढ़ा दिया और उसने कहा कि उसे सपने में आदेश मिला था। बताया जा रहा है कि 25 साल के इस कैदी का नाम विष्णु सिंह है और वो हत्या के आरोप में जेल में सजा काट रहा था। मंगलवार (05-05-2020) को इस कैदी ने इस भयानक घटना को अंजाम दिया।
जेल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने विष्णु को जेल में खून से सना हुआ जमीन पर गिरा देखा तो उनके होश उड़ गए। कैदी को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया था और उसकी हालत अभी स्थिर बताई जा रही है।
‘Times Of India’ की रिपोर्ट के मुताबिक विष्णु साल 2018 में अक्टूबर के महीने में जेल में आया था। विष्णु को हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा हुई है। विष्णु पर आरोप है कि उसने अपने गांव में एक पुलिस कर्मी की हत्या कर दी थी। जेल अधिकारियों ने मीडिया को जानकारी दी है कि इस कैदी ने चम्मच को रगड़ कर धारदार हथियार की तरह बना लिया था। इस हथियार के जरिए उनसे अपना प्राइवेट पार्ट काटा और जेल में बने मंदिर में चढ़ा आया।
‘न्यूज 18’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस कैदी ने कहा कि उसे सपने में शिव ने दर्शन दिया था और उससे अपना प्राइवेट पार्ट चढ़ाने के लिए कहा था। कैदी ने बताया है कि उस इस घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब जेल में उसे कोई नहीं देख रहा था। उसने यह भी कहा कि उसे अपने किये पर पछतावा नहीं है।
बहरहाल अब इस मामले में प्रशासन की तरफ से जांच पड़ताल भी की जा रही है। जेल प्रशासन ने इस घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस स्टेशन को भी जानकारी दी है।
आपको बता दें कि पिछले ही महीने गुजरात से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां एक युवक ने अपनी जुबान काटकर देवता को चढ़ा दिया था। खून से लथपथ हालत में इस युवक को मंदिर के पास से अस्पताल ले जाया गया था। बाद में यह पता चला था कि यह युवक लॉकडाउन में गुजरात में फंस गया था और उसे उम्मीद थी कि जुबान की बलि चढ़ाने से सबकुछ ठीक हो जाएगा।

