Coronavirus: कोरोना वायरस का खौफ पूरी दुनिया में छाया हुआ है। इस बीच कोरोना से संक्रमित होने का शक होने पर एक युवक ने गर्भवती महिला का गला दबा दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना एक अपार्टमेंट में हुई। यह महिला 6 महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने जानकारी दी कि पहले इस शख्स ने महिला की जमकर पिटाई की और फिर अपनी दोनों भुजाओं में उसकी गर्दन को जकड़कर दबाने लगा। थोड़ी देर तक यह महिला संघर्ष करती रही और मदद के लिए चिल्लाती रही। लेकिन थोड़ी देर बाद यह महिला बेसुध हो गई और अचानक उसकी आवाज बंद हो गई।

इस आरोपी पर महिला के साथ मारपीट करने और उन्हें प्रताड़ित करने का चार्ज लगाया गया है। यह मामला फ्लोरिडा का है। 24 साल के John Cory Newell नाम के इस शख्स को शक हो गया था कि यह महिला कोरोना वायरस से संक्रमित है। जिसके बाद उसने 17 मार्च, 2020 को महिला के साथ ऐसा सलूक किया। घटना के बाद Cape Coral पुलिस ने Fort Meyers के रहने वाले John Cory Newell को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल John Cory Newell को Lee County Jail में रखा गया है। पीड़ित महिला के साथ इस पुरुष के क्या संबंध थे और यह महिला कहां की रहने वाली है? इसके बारे में अभी खुलासा नहीं किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस युवक ने उनपर इसलिए हमला किया क्योंकि वो समझता था कि वो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। Cape Coral Hospital में महिला का इलाज चल रहा है। महिला ने बताया कि वो उनके होने वाले बच्चे को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। महिला ने बताया कि हमले के वक्त वो बिल्कुल निढाल हो गई थीं।

आपको बता दें कि फ्लोरिडा में भी कोरोना वायरस की वजह से लोगों में हड़कंप है। हालांकि यहां सरकारी आदेश के उल्लंघन की खबरें भी आई हैं। यहां हजारों लोग मनाही के बावजूद बीच पर जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने यहां पहले भी बताया था कि लोगों को सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से जागरुक करने की कोशिशें की जा रही है।

Coronavirus से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें: कोरोना वायरस से बचना है तो इन 5 फूड्स से तुरंत कर लें तौबा | जानिये- किसे मास्क लगाने की जरूरत नहीं और किसे लगाना ही चाहिए |इन तरीकों से संक्रमण से बचाएं | क्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?