महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां मीरा भायंदर के श्मशान घाट पर बिल्ली का अंतिम संस्कार करना एक शख्स को भारी पड़ गया। इस मामले में एक महिला सहित 6 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। घटना की जानकारी पुलिस ने दी। अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि मीरा भायंदर नगर निगम (एमबीएमसी) के अधिकारियों ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 297 (शवदाहगृहों पर अतिक्रमण) के तहत मामला दर्ज किया गया था, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
6 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
वहीं भायंदर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, “यह घटना 22 दिसंबर की शाम की है। दो पुरुषों ने भायंदर पश्चिम में श्मशान घाट पर अपनी पालतू बिल्ली का अंतिम संस्कार किया था। इस संबंध में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।” फिलहाल पुलिस ने यह नहीं बताया है कि मामला देरी से क्यों दर्ज किया गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
महाराष्ट्र में बाल विवाह, 29 साल के शख्स ने 12 साल की बच्ची से की शादी
मुंबई से बाल विवाह की खबर है। पुलिस ने 12 साल की किशोरी से कथित तौर पर शादी करने, उसके साथ कई बार बलात्कार करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में 29 साल के एक शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया 6 महीने पहले बाल विवाह हुआ था, जो देश में अवैध है। कथित तौर पर उस शख्स ने किशोरी के साथ कई बार बलात्कार किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
उन्होंने आगे बताया कि शख्स और नाबालिग दोनों मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा जिले के रहने वाले हैं। गुरुवार पनवेल के एक डॉक्टर को ये जानकारी मिली कि लड़की 4 महीने की गर्भवती है। इसके उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। खंडेश्वर पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अधिकारी ने कहा कि शख्स के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।