रविवार (05-07-2020) को इस महिला की शादी होनी थी। सुबह के वक्त वो ब्यूटी पार्लर में मेकअप ले रही थीं लेकिन इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने पार्लर के अदंर ही महिला का गला रेत कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शादी से कुछ घंटों पहले महिला की बेरहमी से हत्या किये जाने के बाद सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि 34 साल की यह महिला अपनी बहन के साथ पार्लर गई थी। थोड़ी देर बाद हाथ में चाकू लिये एक शख्स पार्लर में दाखिल हुआ और उसने महिला को मौत के घाट उतार दिया। ‘The Indian Express’ से बातचीत करते हुए सीटी एसपी, पीएस रावत ने कहा कि पुलिस अभी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच कर रही है। इस फुटेज के जरिए हत्यारे की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह महिला की दूसरी शादी थी।
यह भी जानकारी सामने आई है कि यह महिला अपने परिवार वालों के साथ शादी के लिए जाओरा में आज सुबह ही आई थीं। मृतक महिला का नाम शानू यादव बताया जा रहा है। महिला की हत्या सुबह 9 बजे के आसपास हुई है।
महिला की गला रेत कर हत्या करने के बाद हत्यारा वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि शानू यादव की शादी गौरव जैन के साथ होनी थी। गौरव जैन नागड़ा के रहने वाले हैं और इन दोनों ने जाओरा के एक रिजॉर्ट में शादी करने का फैसला किया था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि महिला की हत्या में प्रेम-प्रसंग का एंगल हो सकता है और इस बात की आशंका है कि महिला के प्रेमी ने ही उनकी हत्या की है। बहरहाल अब पुलिस इस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
आपको बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी खबर आई थी। यहां 19 साल की आंचल और उसके 48 साल के पिता राज कुमार की हत्या आंचल की शादी से 2 दिन पहले कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक परिवार वालों के रिश्तेदारों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड को 27 जून को अंजाम दिया गया था।
इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी सागर ठाकुर को पुलिस ने शुक्रवार को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। सागर ने खुलासा किया था कि 21 साल का अमन, आंचल से शादी करना चाहता था। लेकिन नाकाम होने पर उसने ही आंचल की हत्या की साजिश रही थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की छानबीन कर रही है।

