Madhya Pradesh, Woman Forced To Carry Husband On Shoulders: मध्य प्रदेश में एक महिला को सजा दी गई कि वो अपने पति को कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घूमे। महिला के साथ इस तरह क्रूर व्यवहार किये जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि यह महिला अपने पति को कंधे पर बैठाए सड़कों पर घूम रही है। महिला के आसपास कई लोग भी नजर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक यह मामला मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के कल्याणपुर थाने के खेड़ा गांव का है। बताया जा रहा है कि महिला के सुसराल वालों को यह शक हो गया था कि महिला का किसी युवक से अफेयर है। इसके बाद उसके ससुराल वालों ने गांव वालों के साथ मिलकर उसे अपने पति को कंधे पर बैठाकर घुमाने की सजा दी।
महिला सरेआम अपने पति को कंधे पर बैठाए घूमती रही और किसी ने भी इस ज्यादती को रोकने की कोशिश नहीं की। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाया और बाद में यह वीडियो वायरल भी हो गया। कहा जा रहा है कि महिला के साथ मारपीट भी की गई थी।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद यहां हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में प्रशासन ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इनमें से 3 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
महिला के पति ने बातचीत के दौरान कहा कि उसे गांव के लोगों ने जबरन उसकी पत्नी के कंधे पर बैठाया। मना करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई थी। बहरहाल अब इस मामले में पुलिस गहरी तफ्तीश में जुटी हुई है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि महिला पर उसके ससुराल वालों तथा गांव के कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि वो अपने प्रेमी के साथ कही चली गई थी। वापस लौटने के बाद उसे एक घंटे तक अपने पति को कंधे पर बैठा कर बाजार में घुमने की सजा दी गई। गांव वाले जिस महिला पर जिस युवक के साथ प्रेम संबंध रखने का आरोप लगा रहे हैं वो उनका पड़ोसी बताया जा रहा है।