आज बात ललितपुर वाले विष्णु तिवारी की! शायद आपने आज से करीब दो साल पहले इस शख्स का नाम सुना होगा। उस वक्त विष्णु तिवारी पूरे देश में छाये हुए थे क्योंकि उन्होंने जो बीते 20 सालों में खोया था, उसकी चर्चा सभी जगह थी। दरअसल, विष्णु तिवारी रेप के आरोप में 20 साल तक सजा काटते रहे थे और अंततः केस झूठा निकला था।

विष्णु ने 20 साल काटी थी सजा

यूपी की आगरा सेंट्रल जेल में 20 सालों तक बिना अपराध किये रेप के आरोपों में सजा काटने वाले विष्णु तिवारी के ऊपर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस बार धोखा उन्हें उनकी जीवनसंगिनी ने ही दे दिया। उसी जीवनसंगिनी ने जिससे दो दिन पहले ही वह शादी के बंधन में बंधे थे। हैरानी भरी बात यह है कि इस बार उनके जीवन में लुटेरी दुल्हन ने दस्तक दी थी।

झूठा निकला केस, कोर्ट ने किया था बरी

एक साल पहले जेल से बाहर आए विष्णु तिवारी को करीब 22 साल पहले ललितपुर की हरौनी पुलिस द्वारा दुष्कर्म के झूठे आरोप में जेल भेज दिया था। हालांकि, 20 साल बाद न्यायालय ने उन्हें बरी करते हुए दोषी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा था। विष्णु तिवारी के वापस घर आने पर उनके गांव वाले बहुत खुश हुए थे और बीते दिनों ही उन्होंने एमपी के सागर जिले की एक लड़की से शादी रचाई थी।

विष्णु के लिए खड़ी हुई नई आफत

फिलहाल विष्णु के सामने नई समस्या कुछ ऐसे आई है कि उन्होंने बीते दिनों जिस लड़की से शादी की थी वो लुटेरी निकली। विष्णु की शादी को दो दिन ही बीते थे कि लुटेरी दुल्हन घर में मौजूद नगदी और जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गई।

अब इस मामले में विष्णु तिवारी ने पुलिस से फिर न्याय की गुहार लगाई है। विष्णु तिवारी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी से 5 दिन पहले उनकी मुलाकात मध्य प्रदेश के सागर जिले के रैहली गांव के गुड्डू से हुई थी।

लुटेरी दुल्हन ने दिया झांसा, मां के साथ भाग निकली

गुड्डू ने ही उसकी शादी तय करवाई थी और दुल्हन के परिजनों ने एक लाख रुपए नगद देने की शर्त पर शादी कराई थी और 22 जुलाई 2022 को मंदिर में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार शादी हुई थी। विष्णु तिवारी ने शिकायत में बताया है कि वह शादी के दूसरे दिन ही दुल्हन को लेकर ललितपुर के एक मंदिर पहुंचे थे, जहां पत्नी अपनी मां से मिली और फिर चकमा देकर दोनों फरार हो गई।