Kerala Two Women Murdered Human Scrifice: केरल के पथनमथिट्टा जिले एलंथूर में दो महिलाओं के अपहरण और फिर जादू-टोने में बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। इन महिलाओं के शवों को पथनमथिट्टा जिले के एलंथूर गांव में दफनाया गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जादू-टोने का किया गया अनुष्ठान
पुलिस ने इस घटना में जानकारी देते हुए बताया कि जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उन्होंने इन महिलाओं की हत्या ‘जादू-टोना अनुष्ठान’ के तहत की गई। आरोपियों को भरोसा था कि यदि वह मानव बलि देंगे तो उन्हें खूब सारा पैसा मिलेगा।
जून और सितंबर में गायब हुई थी महिलाएं
पथनमथिट्टा जिले की पुलिस के अनुसार, जिन महिलाओं की हत्या की गई है वे केरल के एर्नाकुलम जिले की रहने वाली थी। इन महिलाओं की पहचान रोजलिन और पद्मा के रूप में हुई है, यह दोनों क्रमशः जून और सितंबर में लापता हो गई थी। पुलिस ने जब उनके लापता होने के मामलों की जांच के दौरान पता चला कि इन दोनों महिलाओं की ‘मानव बलि’ दी गई थी।
पैसे की कमी से जूझ रहे थे आरोपी दंपति
कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त सीएच नागराजू ने मीडिया को बताया “हमें संदेह है कि एक अनुष्ठान के दौरान मानव बलि हुई है। इन महिलाओं का सिर काट दिया गया और उनके शरीर को पथनमथिट्टा के एलंथूर में दफनाया गया था। पुलिस आयुक्त ने आगे कहा “दंपति एक वित्तीय संकट का सामना कर रहे थे और उन्होंने भगवान को खुश करने और संकट से बाहर आने के लिए महिलाओं की बलि देने का फैसला किया।”
दंपति और एजेंट को किया गया अरेस्ट
पुलिस ने एलंथूर से भगवल सिंह और लैला नाम के एक दंपति को हिरासत में लिया है। भगवल सिंह एक वैद्य के रूप में जाना जाता है जो अपने घर पर ही मरीजों की देखभाल करता था। इस मामले में पेरुंबवूर के शफी उर्फ रशीद नाम के एक शख्स को भी हिरासत में लिया गया है, जिस पर पुलिस को शक है कि महिलाओं को वही दंपति के पास ले गया।
मृतका के फोन से मिला एजेंट का नंबर, खुली पोल
पुलिस के मुताबिक, पद्मा कोच्चि में लॉटरी वेंडर थी। उसका पिछले महीने अपहरण कर लिया गया था। पुलिस सितंबर के आखिरी हफ्ते में दर्ज गुमशुदगी के मामले की जांच कर रही थी, तभी उन्हें पता चला कि एक एजेंट शफी उसे (पद्मा) पथनमथिट्टा ले गया था। पुलिस को पद्मा के फोन नंबर से शफी का पता चला था और उसे पकड़ा गया था। पुलिस आयुक्त नागाराजू ने कहा कि पुलिस इन शवों को निकालने का काम कर रही है। “यह एक सामान्य तरीके से लापता होने और हत्या होने का मामला नहीं है। इस मामले में कहानी कई परतों में उलझी हुई है और आगे कई खुलासे हो सकते हैं।”