जहां एक तरफ महाराष्ट्र में सरकार की स्थिति डांवा-डोल है, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे की दूसरी पत्नी होने का दावा करने वाली करुणा शर्मा (43) को गिरफ्तार किया गया है। करुणा शर्मा को एक 23 वर्षीय महिला को जातिसूचक गाली देने और धमकाने के आरोप में पुणे सिटी पुलिस ने अरेस्ट किया है। महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुणे सिटी पुलिस के मुताबिक, करुणा शर्मा पर यह भी आरोप है कि वह शिकायतकर्ता महिला के पति से तलाक दिलाने के लिए धमका रही हैं। इस मामले में महिला ने अपने 32 वर्षीय पति और मुंबई के सांताक्रूज में रहने वाली करुणा शर्मा के खिलाफ यरवदा पुलिस स्टेशन में मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बता दें कि, करुणा शर्मा ने कुछ समय पहले खुद को धनंजय मुंडे की दूसरी पत्नी बताकर महाराष्ट्र की राजनीति में हड़कंप मचा दिया था।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम बीते साल नवंबर, 2021 से इस साल 30 मई के बीच है, जिसमें शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं, इस मामले में पुणे के पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता ने कहा कि “करुणा शर्मा और शिकायतकर्ता के पति को पुणे जिले में स्थित एक लॉज से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही इस मामले में आगे की जांच जारी है।”
शिकायतकर्ता महिला के द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, महिला का पति यह कहकर उसे तलाक देने का दबाव बना रहा है कि वह करुणा शर्मा के साथ रिश्ते में है। शिकायत के अनुसार, करुणा शर्मा ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को हॉकी स्टिक से धमकाया और तलाक नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान करुणा ने महिला के साथ गाली-गलौज भी की, जिसने उसे (महिला) बहुत ज्यादा आहत किया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि करुणा शर्मा ने उसे धमकाने के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली भी दी है। पुलिस ने करुणा शर्मा के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं।
पुणे पुलिस के मुताबिक, इसी अपराध में शिकायत करने वाली महिला के पति पर भी आईपीसी की धारा 498A (घरेलू हिंसा), 323 (शारीरिक हमला) और 377 (अप्राकृतिक अपराधों) के तहत मामला दर्ज किया है।