कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के यशवंतपुर इलाके से एक हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पहले पत्नी के हत्या कर दी फिर पुलिस को फोन कर अपना गुनाह भी कबूल लिया। यहीं नहीं इसके बाद उसने बेंगलुरु पुलिस के सामने आत्मसमर्पण भी कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की मृतका से 17 साल पहले शादी हुई थी।
द इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक घटना बेंगलुरु के यशवंतपुर इलाके के मथिकेरे गांव की है। घटना के आरोपी की पहचान मथिकेरे निवासी दानेंद्र रेड्डी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 49 वर्षीय दानेंद्र रेड्डी पेशे से दर्जी है। नशे के आदी दानेंद्र रेड्डी ने तीखी नोंक-झोंक के बाद पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को घटना को अंजाम देने के बाद दानेंद्र ने पुलिस हेल्पलाइन पर फोनकर अपना अपराध कबूल किया फिर बाद में बेंगलुरु पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मृतका की पहचान अनसूया (42) के रूप में की है। पुलिस ने कहा कि दानेंद्र ने जब वारदात को अंजाम दिया तब उसकी 14 वर्षीय बेटी भी घर में थी।
पुलिस ने कहा कि नशे में धुत दानेंद्र ने कथित तौर पर बेटी को भी मारने की कोशिश की थी। घटना के बारे में पुलिस ने कहा कि नशे में धुत दानेंद्र की अनसूया से 2 लाख रुपये के कर्ज को लेकर बहस हो गई, जिसे वह समय रहते चुका पाने में असफल रहा था। इसी बहस के बाद दानेंद्र ने अनसूया को चाकू मार दिया। वारदात बुधवार तड़के चार बजे की है।
पुलिस ने बताया कि वारदात के वक्त उसकी बेटी मां के बगल में सो रही थी। आरोपी दानेंद्र ने कथित तौर पर अपनी बेटी को भी चाकू घोंप दिया और अनुमान तौर पर मान लिया कि उसकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद दानेंद्र करीब दो घंटे तक घर में बैठा रहा। पुलिस ने कहा कि जब उसकी बेटी जागकर उसके पहुंची तो हक्का-बक्का रह गया और बुरी तरह हताश हो गया।
माना जा रहा है कि बेटी को जिंदा देखकर उसे अपने किए पर पछतावा हुआ और उसने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर घटना की जानकारी दी थी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस के पहुंचने से पहले दानेंद्र ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहा। पुलिस ने बताया कि दानेंद्र ने 17 साल पहले अनसूया से शादी की थी।