BJP worker killed: बेंगलुरु के बाहरी इलाके होसकोटे तालुक में कांग्रेस पार्टी की जीत के जश्न के दौरान एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसके रिश्तेदार ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पार्टी सूत्रों के अनुसार मृतक 56 वर्षीय कृष्णप्पा की पहचान भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में की गई है। यह घटना शनिवार रात बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस के अधिकार क्षेत्र के डी शेट्टीहल्ली गांव में हुई। पुलिस ने हत्या के सिलसिले में कृष्णप्पा के भतीजे 21 वर्षीय आदित्य को गिरफ्तार किया है।

मृतक और हत्या के आरोपी के बीच वर्षों से दुश्मनी

पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला कि कृष्णप्पा और उनके भाई गणेश के बीच पुरानी दुश्मनी थी। आपस में वे दोनों दीवानी विवादों में उलझे हुए थे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत को बाद मनाए जा रहे जश्न के दौरान मिले तात्कालिक कारणों से दोनों को फिर से लड़ने का मौका मिल गया। हिंसक झड़प के बाद मृतक कृष्णप्पा का भाई गणेश मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने कहा कि वह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

कांग्रेस की जीत के बाद घर के सामने पटाखे फोड़ने पर बहस

चश्मदीदों के मुताबिक आरोपियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जश्न के बीच कृष्णप्पा के घर के सामने जाकर पटाखे जलाए, जिससे गरमागरम बहस छिड़ गई। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने कृष्णप्पा पर कुल्हाड़ी से हमला किया। कृष्णप्पा को बचाने के लिए मौके पर पहुंची उनकी पत्नी और बेटे पर भी आरोपियों ने हमला किया। दोनों घायलों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, मृतक कृष्णप्पा का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

भाजपा का कांग्रेस पर राज्य में गुंडाराज लाने का आरोप

बेंगलुरु के पास हुए होसकोटे हत्याकांड की निंदा करते हुए भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई ने ट्वीट किया, “@INCKarnataka ने अपना आपा खो दिया है, होसकोटे में जीत के जश्न के दौरान हमारे एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। लोगों को कांग्रेस के अगले पांच साल की कानून व्यवस्था की पहली झलक पहले दिन ही देखने को मिली। वे राज्य में ‘गुंडाराज’ लाएंगे। @INCKarnataka हमारे कार्यकर्ताओं को मत छुओ, सावधान रहो।”