Vikas Dubey: कानपुर के डॉन विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद अब पुलिस को उसके भाई दीप प्रकाश दुबे की तलाश है। पुलिस ने दीप प्रकाश दुबे के सिर पर इनाम घोषित कर दिया है। यूपी के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने मीडिया को जानकारी दी है कि दीप प्रकाश दुबे की सूचना देने वाले को 20,000 रुपए का इनाम दिया जाएगा।
बिकरू गांव में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से ही दीप प्रकाश दुबे फरार बताया जा रहा है। दीप प्रकाश की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की है लेकिन उसका अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। दीप प्रकाश दुबे भी अपने भाई की तरह ही दुर्दांत बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दीप प्रकाश के खिलाफ लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली में जालसाजी समेत कई केस दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस शिद्दत से दीप प्रकाश दुबे को तलाश रही है। लेकिन पुलिस को चकमा देने के लिए वो बार-बार अपना लोकेशन बदल रहा है। पुलिस ने दीप प्रकाश के घरवालों से पूछताछ की है लेकिन उसके बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है। दीप प्रकाश की तलाश के लिए सर्विलांस की मदद ली जा रही है। इसके अलावा सादी वर्दी में भी पुलिस दीप प्रकाश को ढूंढ रही है। दीप प्रकाश दुबे के मोबाइल को भी सर्विलांस पर रखा गया है।
दीप प्रकाश पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने उसके असलहे का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि बिकरू गांव में कुल 14 लोगों के पास लाइसेंसी हथियार है और इनमें से 10 लोगों का लाइसेंस रद्द किया गया है। कहा जा रहा है कि दीप प्रकाश दुबे लखनऊ में ही कहीं छिपा हुआ है और पुलिस को लगातार छका रहा है।
2-3 जुलाई की रात हुए कानपुर एनकाउंटर के बाद से फरार चल रहे दीप प्रकाश दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं। आपको बता दें कि बिकरू गांव के कुख्यात विकास दुबे के खात्मे के बाद पुलिस ने उसके गुर्गों के खिलाफ जबरदस्त अभियान चला रखा है।
विकास के कई सहयोगियों को पकड़ा गया है तो कई बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर भी किया है। दीप प्रकाश दुबे के पकड़े जाने के बाद उसके भाई विकास दुबे के बारे में कई और खुलासे हो सकते हैं।

