राजस्थान के जयपुर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र के एक होटल में सुबह 5 बजे तक दारु पार्टी करने के बाद आरोपी मंगेश अरोड़ा ने जानबूझकर लड़की और उसके दोस्त को कुचल दिया। जिससे लड़की की मौत हो गई। वहीं लड़के की हालत गंभीर है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी मंगेश अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मंगेश अरोड़ा का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन सामने आया है। दरअसल, दिसंबर 2022 में दुर्गापुर के जी क्लब पर फायरिंग हुई थी। उस मामले में लॉरेंस गैंग के गुर्गे रितिक बॉक्सर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

रिपोर्ट के अनुसार, होटल के बाहर लड़की और इसके दोस्त को कुचलने वाले आरोपी मंगेश का रितिक बॉक्सर से डायरेक्ट संपर्क में था। जब जी क्लब पर फायरिंग हुई थी तो पुलिस ने मंगेश से भी पूछताछ की थी।

रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर होटल के बाहर लड़की और उसके दोस्त को कुचलने जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मंगेश वहां से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगेश की तलाश के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी थी। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और मुंगेश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द ही पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।

हरियाणा का रहने वाला है मंगेश

जानकारी के अनुसार, आरोपी मंगेश हरियाणा का रहने वाला है। हालांकि बिजनेस के कारण वह अधिकतर जयपुर में रहता है। वह कपड़े का बिजनेस करता है। इसके अलावा उसका जुआ खेलने वाले बदमाशों के साथ भी उठना-बैठना है। उसे लड़कियों के साथ शराब पार्टी में जाने का शौक है। घटना वाले दिन भी वह अपनी एक दोस्त के साथ बार में गया था।

जानिए क्या है पूरा मामला

जयपुर के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक शख्स ने जानबूझकर कार से एक लड़की और उसके साथी को कुचल दिया। जिससे लड़की की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता उमा सुथार अपने दोस्त राजकुमार के साथ बीती रात जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र के एक बार रेस्टोरेंट में गई थी। आरोपी मंगेश भी उसी रेस्टोरेंट में अपनी दोस्त के साथ बैठा था। ये चारों वहां साथ बैठे थे। पुलिस अधिकारी ने एफआई में दर्ज आरोपों के हवाले से बताया कि उमा को लेकर मंगेश की नीयत ठीक नहीं थी और उसने उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश की।

उन्होंने आगे बताया मंगलवार तड़के उमा और राजकुमार रेस्टोरेंट से निकल रहे थे कि मंगेश के साथ उनका विवाद हो गया। इसी बीच कुछ ही देर बाद मंगेश अपनी कार लेकर आया और कैब का इंतजार कर रहे राजकुमार और उमा को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उमा की मौत हो गई। राजकुमार का अभी भी इलाज चल रही है। उन्होंने बताया कि राजकुमार ने अपने वकील के माध्यम से मंगेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।