अमेरिका में भारतीय मूल के शख्स पर एक बार फिर हमला किया गया है। सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। शख्स की उम्र 41 साल है। झड़प के दौरान उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। घटना 2 फरवरी को लगभग 2 बजे (अमेरिकी स्थानीय समय) वाशिंगटन शहर के एक रेस्तरां के बाहर हुई थी। इसके साथ ही इस साल अमेरिका में किसी भारतीय की हत्या का यह पांचवां मामला बन गया है। मृतक की पहचान विवेक चंदर तनेजा के रूप में हुई, जो वर्जीनिया में एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करता था। मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय मूल के शख्स विवेक तनेजा वर्जीनिया में रहते थे। दो फरवरी को वे 2 सिस्टर्स नाम के जापानी रेस्तरां में थे। वॉशिंगटन पोस्ट ने पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, ”एक संदिग्ध ने उन्हें जमीन पर गिया दिया और उसका सिर फुटपाथ पर दे मारा।”

यह मामला अमेरिका में भारतीय मूल पर हमलों की घटनाओं के बीच आया है। 41 साल के विवेक तनेजा रात को दो बजे रेस्तरां से बाहर निकले थे। रेस्तरां के पास के सड़क पर उनपर हमला किया गया था। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला क्यों हुआ था इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमले के बाद विवेक बेहोशी की हालत में थे। पुलिस ने देखा तो विवेक गहरी चोट के साथ सड़क पर पड़े थे। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीसीटीवी में दिखाई दिया आरोपी

पुलिस ने बताया कि बुधवार को विवेक तनजा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध को खोज रही है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। अमेरिकी पासपोर्ट रखने वाला 19 साल का छात्र श्रेयस रेड्डी बेनिगर पिछले सप्ताह मृत पाया गया था, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया था।

इसके अलावा एक अन्य छात्र नील आचार्य को इस हफ्ते की शुरुआत में पर्ड्यू विश्वविद्यालय में मृत पाया गया था। वहीं इससे पहले 16 जनवरी को हरियाणा के 25 साल के छात्र विवेक सैनी की जॉर्जिया के लिथोनिया में एक शख्स ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। फिलहाल अमेरिकी पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।