लॉकडाउन के बीच पंजाब से खबर आई है कि यहां एक महिला ने अपने पति को जिंदा जला दिया। पंजाब के फज़िल्का जिले के चाक साइडोक गांव में हुई इस घटना से इलाके के लोग हैरान हैं। इस घटना में 75 प्रतिशत तक जल चुके गुरसेवक सिंह की मौत हो चुकी है। गुरसेवक सिंह के परिजनों ने रविवार को शव के साथ जलालाबाद-मुक्तसर रोड को जाम कर दिया और उनकी पत्नी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस द्वारा काफी समझाए जाने के बाद यह लोग वहां से हटने के लिए राजी हुए।

गुरसेवक सिंह के भाई गुरविंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके भाई और पत्नी खुशमनप्रीत कौर के बीच अक्सर झगड़ा होता था। यह झगड़ा घरेलू विवाद की वजह से होता रहता था। गुरविंदर सिंह के मुताबिक बीते शुक्रवार को खुशमनप्रीत कौर ने अपने पति पर तेल छिड़क कर उन्हें जिंदा जला दिया। बुरी तरह से झुलस चुके गुरसेवक सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार की शाम उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस मामले में पीड़ित परिवार की तरफ से थाने में केस भी दर्ज कराया गया है। भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस महिला की तलाश कर रही है। हालांकि इससे पहले खुशमनप्रीत कौर ने कहा था कि घर में दीया जलाने के दौरान उनके पति झुलस गए थे।

लेकिन स्थानीय लोग और युवक के परिजन महिला पर ही अपने पति को जलाने का आरोप लगा रहे हैं। इधर इन सभी का यह भी आरोप है कि पुलिस के रवैये की वजह से आरोपी महिला को अवसर मिल गया और वो फरार हो गई।

स्थानीय लोगों और गुरसेवक सिंह के परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपी महिला को नहीं पकड़ा तो वो DSP कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी करेंगे।

आपको याद दिला दें कि पिछले साल पंजाब के ही अमृतसर से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां एक महिला पर आरोप लगा था कि उसने अपने मायके वालों के साथ मिलकर अपने पति राकेश कुमार को जिंदा जलाया है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि जिंदा जलाने से पहले राकेश कुमार की पिटाई भी की गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया था और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।