India Lockdown, Attack On Cops: अब महाराष्ट्र में लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी कर रहे पुलिस वालों पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। दरअसल यहां पुलिस वाले लोगों से लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रहे थे इसी दौरान करीब 10 लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। मामला महाराष्ट्र के मुम्ब्रा का है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों पर हमले का वीडियो भी वायरल हुआ है। गुरुवार (14 मई, 2020) की रात पुलिस वालों पर हुए हमले का जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें नजर आ रहा है कि पुलिस वालों को घेर कर उनपर अटैक किया गया है। हमलावरों के हाथ में लाठी-डंडे भी नजर आ रहे हैं। इस हमले में 3 पुलिस कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
घटना के बारे में यह भी बताया जा रहा है कि यह लोग बिना वजह सड़क पर घूम रहे थे और पुलिस द्वारा रोके जाने पर इन्होंने हमला कर दिया। घटना में घायल 2 कॉन्स्टेबल और एक सब-इंस्पेक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको याद दिला दें कि कुछ ही दिनों पहले दक्षिण मुंबई में मरीन ड्राइव चौपाटी पर भी पुलिस टीम पर हमला किया गया था। दरअसल यहां एक शख्स हाथ में चाकू लेकर सड़क पर घूम रहा था। जब पुलिस वालों ने इस युवक को रोका तो यह युवक वहां से भागने लगा।
#Breaking | Cops attacked in Mumbra & Mumbai by lockdown violators when confronted.
Aruneel with details. pic.twitter.com/DcZxbvDBag
— TIMES NOW (@TimesNow) May 15, 2020
पुलिस ने जब युवक को दौड़ कर पकड़ने की कोशिश की तब युवक ने चाकू से पुलिस पर हमला कर दिया था। इस खतरनाक हमले में 3 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे। जिन्हें बाद में जेजे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
आपको बता दें कि पिछले महीने पंजाब के पटियाला में भी चेक-पोस्ट पर रोके जाने पर निहंगा सिखों ने ASI पर तलवार से हमला कर दिया था। इस हमले में एएसआई का हाथ कट गया था। बाद में पुलिस ने हमले में शामिल निहंगों को गिरफ्तार कर लिया था। लॉकडाउन के दौरान पुलिस पर हमले की अलग-अलग कई घटनाएं अब तक सामने आ चुकी हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना का कहर सबसे ज्यादा बरपा है। यहां अब तक 27 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इस संक्रमण की वजह से मौतों का आंकड़ा 1000 पार कर चुका है। कोरोना के शिकार यहां कई पुलिसकर्मी भी हो चुके हैं।

