India Lockdown, Migrant Labours Killed In Road Accident: लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों का पलायन जारी है। कोरोना महामारी के बीच भूख-प्यास और बेरोजगारी से हताश-निराश मजदूर के हिस्से में हादसे भी आ रहे हैं। मजबूर मजदूर साइकिल, बस, ट्रक या फिर पैदल घर पहुंचने के लिए पहाड़-तोड़ मशक्कत कर रहे हैं लेकिन इस जद्दोजहद के बीच रास्ते में होने वाले सड़क हादसे मजदूरों के लिए काल बन चुके हैं। अब मध्य प्रदेश में पति-पत्नी और 2 अन्य लोगों को एक टैंकर ट्रक ने कुचल दिया। यह चारों प्रवासी मजदूर थे और महाराष्ट्र से इंदौर लौट रहे थे। बदकिस्मती से बरवानी के पास इन चारों का सफर खत्म हो गया।

मध्य प्रदेश के अलावा पश्चिम बंगाल में भी घर वापसी कर रहे प्रवासी कामगार सड़क हादसे के शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि यहां कई मजदूर एक बस में सवार होकर घर लौट रहे थे। रविवार (17-05-2020) को इनकी बस जलपाईगुरी जिले के धूपगुरी में हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 32 मजदूर जख्मी हो गए। सभी मजदूरों का जलपाईगुरी जिला अस्पताल में इलाज किया गया है।

मजदूरों के साथ सड़क हादसे की खबरें अमूमन रोज आने लगी हैं। शनिवार को खबर आई थी कि मध्य प्रदेश में प्रवासी मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक सागर जिले में हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में ट्रक में बैठे 5 मजदूरों की मौत हो गई थी और कई मजदूर जख्मी भी हुए थे। इससे पहले इसी दिन उत्तर प्रदेश के औरेया जिले में प्रवासी कामगारों के साथ बड़ा हादसा हुआ था।

इस हादसे में 26 मजदूरों की मौत हो गई थी। इसी दिन तेलंगाना बॉर्डर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर भी प्रवासी मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 20 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ना पलायन थम रहा ना मौतों की गिनती रुकने का सिलसिला। इससे पहले गुरुवार को मध्य प्रदेश के गुना में कैंट पीएस इलाके में एक अनियंत्रित ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 लोग घायल हुए। सभी मृतक उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे और अपने घर ही जा रहे थे।

इस दिन दूसरी बड़ी घटना उत्तर प्रदेश में हुई। यहां मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर देर रात एक तेज रफ्तार बस ने घलौली चेक पोस्ट के पास 6 प्रवासी मजदूरों को कुचल दिया। दुर्घटना में 5 श्रमिक बुरी तरह घायल हैं।

बिहार के समस्तीपुर स्थित शंकर चौक में भी आज एक बस-ट्रक की टक्कर में 2 लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यूपी के मुजफ्फरनगर में पंजाब से बिहार के लिए पैदल जा रहे 8 मजदूरों को बस ने कुचल दिया. इसमें 6 मजदूरों की जान चली गई।