Coronavirus, (Covid-19) India Lockdown: आसाराम और राम-रहीम जैसा कांड एक बार फिर हुआ है। इस बार पंजाब के एक आश्रम में आश्रम प्रमुखों पर 2 युवतियों से रेप कर उन्हें बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। लॉकडाउन के बीच आश्रम में बंधक बनी युवतियों ने बड़ी हिम्मत से काम लिया और अपने साथ हुई इस ज्यादती का खुलासा कर खुद को वहां से छुड़़ाया।
पहले चेलों ने किया रेप: आश्रम से आजाद होने के बाद इन दोनों युवतियों का आरोप है कि सबसे पहले आश्रम में रहने वाले पुजारियों के दो चेलों ने इनके साथ दुष्कर्म किया। 25 और 40 साल की इन युवतियों का आरोप है कि आश्रम प्रमुखों के दो शिष्यों, सूरज नाथ और नछत्तर नाथ ने उसके साथ कुछ दिनों पहले बलात्कार किया था।
चेलों की शिकायत करने पर गुरुओं ने किया रेप: पीड़िताओं के मुताबिक रविवार को वो सूरज नाथ और नछत्तर नाथ की शिकायत लेकर आश्रम में पहुची थीं। आश्रम के दो प्रमुखों गिरदारी नाथ और गिरधीरीर वरिंदर नाथ के पास पहुंचकर उन्होंने उनके चेलों की गंदी हरकत के बारे में बताया। लेकिन बजाए इसके कि दोनों पुजारी महिलाओं को सुरक्षा या कानूनी मदद मुहैया कराते इन दोनों ने भी उनके साथ आश्रम के अंदर ही दुष्कर्म किया।
आश्रम में बना लिया बंधक: युवतियों का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद दोनों आश्रम प्रमुखों ने उन्हें आश्रम के अंदर ही बंधक बना लिया। इन दोनों महिलाओं ने बड़ी चतुराई से एक आरोपी का मोबाइल फोन चुरा लिया। मौका पाकर इन्होंने अपने घरवालों को अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में फोन कर सूचित कर दिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार: युवती की बात सुनकर परिजन हैरान रह गए। अनुसूचित जाति आयोग के एक सदस्य ने इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने आश्रम में छापा मारकर बंधक बनाई गई दोनों लड़कियों को छुड़ा लिया और दोनों आश्रम प्रमुखों को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने इन दोनों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। यहां के उप पुलिस अधीक्षक गुरप्रताप सिंह ने बताया कि लिखित शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दोनों आश्रम प्रमुखों की गिरफ्तारी हुई है।
यह पहला मामला नहीं है जब किसी आश्रम के अंदर किसी युवती से रेप के मामले में आश्रम के प्रमुखों को पकड़ा गया हो। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर भी आश्रम की साध्वी से रेप का आरोप है। इस मामले में उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है। डेरा में रह चुकी 2 महिलाओं ने सीबीआई को दिये अपने बयान में राम-रहीम पर रेप का आरोप लगाया था।
वहीं आसाराम पर नाबालिग बच्ची से रेप का आरोप है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आसाराम ने जोधपुर के मनाई इलाके में स्थित अपने आश्रम में उसे बुलाया और 15 अगस्त 2013 की रात में उसके साथ रेप किया. इस मामले में आसाराम को इंदौर में गिरफ्तार किया गया था और एक सितंबर 2013 को उसे जोधपुर लाया गया। वह दो सितंबर 2013 से जेल में बंद है।