दिल्ली से फ्लाइट गोवा जा रही थी, सबकुछ सामान्य था तभी बीच उड़ान के समय जब फ्लाइट हवा में थी तो दिल्ली की एक महिला के साथ एक यात्री ने बेहद शर्मनाक हरकत की। इसके बाद 23 साल के आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, लोग इस घटना पर हैरानी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि महिलाएं अपने देश की फ्लाइट में भी सुरक्षित नहीं है। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।
दरअसल, पुलिस ने दिल्ली से गोवा आने वाली फ्लाइट में एक महिला सह-यात्री का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 23 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्राथमिकी के अनुसार, कथित घटना मंगलवार को सुबह 11 बजे से एक बजकर 20 मिनट के बीच ‘एअर इंडिया’ की उड़ान में हुई। नई दिल्ली के जनकपुरी की रहने वाला 28 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि उड़ान के दौरान विमान में उनकी बगल वाली सीट पर बैठे शख्स ने कंबल ओढ़ लिया और कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकतें करने लगा।
गंदी हरकत करते हुए शख्स ने एक साइड से कंबल खोल रखा था
प्राथमिकी के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने जानबूझकर पीड़िता की तरफ कंबल को खोल रखा था। मंगलवार को दक्षिण गोवा के डाबोलिम में गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बाद में आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान हरियाणा के पानीपत के रहने वाले जितेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने आगे यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और 79 (किसी महिला का शील भंग करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य, जिनमें अपमान, आपत्तिजनक इशारे या वस्तुएं, और गोपनीयता का उल्लंघन शामिल हैं) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा फूट पड़ा है, लोग शख्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस खबर पर आपकी क्या राय है?