यूपी के गोरखपुर से अजीबो गरीब खबर सामने आई है। यहां एक लड़की ट्रक ड्राइवर के प्यार में इस कदर पागल हुई कि 50 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ गई। असल में वह लड़की ट्रक ड्राइवर से बहुत प्यार करती थी मगर वह लड़का डाउटफुल था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद था। जब लड़की को कुछ और सूझा तो वह टावर पर चढ़ गई। मामला महराजगंज के सेमरा राजा गांव का है। इस गांव के लोग तब हैरान रह गए जब उन्होंने 20 साल की लड़की को टावर पर देखा। वह उसी गांव के रहने वाले 24 साल के ट्रक ड्राइवर से प्यार करती थी। किसी बात की वजह से उसकी शादी उससे फिक्स नहीं हो पा रही थी। इस कारण वह परेशान थी और जब उसे कुछ औऱ समझ नहीं आया तो वह टावर पर चढ़ गई।
रिपोर्ट के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने बताया कि दोनों के बीच पिछले कुछ सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वहीं लड़की ने टावर पर चढ़कर आरोप लगाया कि उसका प्रेमी और घरवाले उसकी शादी नहीं कराना चाहते हैं। उसने आगे कहा कि उसका प्रेमी लापता हो गया है। हालांकि लड़के के घरवालों का कहना है कि वह काम के सिलसिले में ट्रक लेकर नेपाल गया है।
लोगों ने मोबाइल से बनाया वीडियो
दरअसल, जब लड़की टावर पर चढ़ी थी तभी गांव के लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। लोग एक-दूसरे को वीडियो शेयर करने लगे। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया। वहीं लड़की के टावर पर चढ़ने के कारण सड़क पर जाम लग गया। किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लड़की को नीचे उतारने की बहुत कोशिश की मगर लड़की नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। आखिरकार लड़की को नीचे उतारने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस टावर पर चढ़ी औऱ लड़की को समझाबुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
मामले में सर्कल अधिकारी अजय सिंह चौहान ने कहा कि लड़की गुरुवार को महाराजगंज जिले के सेमरा राजा टोल प्लाजा के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह गांव के ही एक लड़के के साथ रिश्ते में है। वह उससे शादी करने के लिए अपने परिवार को मनाना चाहती थी। पुलिस का कहना है कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जाएगी। जब लड़की नीचे आई तब भी उसका गुस्सा सातवें आसमान पर था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।