अब गाजियाबाद में बेखौफ अपराधियों ने एक पत्रकार को गोली मार दी है। एक दैनिक अखबार में काम करने वाले पत्रकार विक्रम जोशी को उनकी भांजी के सामने ही गोली मार दी गई। सोमवार की रात गोली मारे जाने के बाद विक्रम जोशी को गंभीर हालत में यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के प्रताप विहार इलाके के माता कॉलोनी में उन्हें गोली मारी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक जोशी एक स्थानीय अखबार में काम करते थे।

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि 4-5 दिनों पहले जोशी की  भांजी के साथ कुछ लड़कों ने दुर्व्यवहार और छेड़खानी की थी। इस मामले में विजय नगर पुलिस थाने में केस दर्ज कराया गया था। हालांकि पुलिस ने किसी भी आरोपी लड़कों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। जोशी के परिजनों का दावा है कि इन्हीं लड़कों में से किसी लड़के ने विक्रम जोशी को गोली मारी है।

कहा जा रहा है कि विक्रम जोशी को उस वक्त गोली मारी गई जब वो अपनी भांजी के साथ रात के वक्त कहीं जा रहे थे। लेकिन रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। पत्रकार को गोली मारने के बाद सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। विक्रम की भांजी काफी देर तक सड़क पर मदद की गुहार लगाती रही।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि कुछ बदमाश पहले विक्रम जोशी से लड़ाई करते हैं। इस दौरान एक छोटी बच्ची दौड़ कर सड़क के दूसरे किनारे पर जाती है। थोड़ी देर तक विक्रम इन बदमाशों का अकेले ही मुकाबला करते हैं लेकिन फिर अचानक बदमाश उन्हें काफी नजदीक से गोली मार देते हैं इसके बाद पत्रकार जमीन पर गिर जाते हैं। उनकी बेटी दौड़ कर उनके पास आती है तब तक सभी बदमाश वहां से भाग जाते हैं। सीसीटीवी फुटेज में पत्रकार की मोटरसाइकिल सड़क पर गिरी हुई भी नजर आ रही है।


सड़क पर निढ़ाल पड़े विक्रम जोशी के पास बैठी लड़की को सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है। बड़ी मुश्किल से विक्रम जोशी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्रकार को गोली मारे जाने की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। यह भी खबर है कि पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपी को गिरफ्तार किया है।