Coronavirus, Covid-19 India Lockdown: कोरोना का खतरा पूरे देश में अभी बरकरार है। खतरे को कम करने के लिए लॉकडाउन का चौथा चरण भी देश में लागू है। लेकिन इस बीच हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से चौंकाने वाली खबर आई है। यहां रहने वाले एक शख्स पर अपनी 12 साल की बेटी से रेप का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़ित नाबालिग लड़की की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसका पति करीब 6 महीने से लगातार बेटी का यौन शोषण कर रहा था। बेटी ने अपनी मां को इस बारे में सबसे पहले बताया जिसके बाद मां की शिकायत पर पिता को पकड़ा गया है।

यहां के पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने इस मामले की पुष्टि की है और बताया है कि लड़की का मेडिकल टेस्ट भी कराया गया है। आरोपी पिता को पकड़ने के बाद अब उसपर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पिता पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

आपको याद दिला दें कि इसी महीने मध्य प्रदेश से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां एक लड़की ने अपने पिता पर उसके साथ 2 बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

लड़की ने इस मामले में अपनी मां पर भी आरोप लगाया था कि उन्होंने इस घिनौने काम में अपने पति की मदद की थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने कपल को गिरफ्तार कर लिया था।

लॉकडाउन में भी महिलाओं के प्रति घिनौने अपराध नहीं रुक रहे हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ में रहने वाले एक शख्स ने आरोप लगाया था कि एक मशहूर निजी अस्पताल के ICU में भर्ती उनकी बेटी के साथ रेप किया गया है।

इस मामले में यह भी दावा किया गया था कि पीड़िता ने 2 वार्ड बॉय की पहचान भी कर ली है। पुलिस ने इस मामले में धारा 376 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच की बात कही थी।