दिल्ली में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि रोज आने वाली खबरें कह रही हैं। ताजा मामला पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके की है। यहां एक शॉपिंग मॉल के बाहर 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार शाम को हुई। युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। यह भीड़-भाड़ वाला इलाका है। मॉल होने के कारण लोग यहां आते-जाते रहते हैं। ऐसी जगह पर हुई वारजात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

सिटी स्क्वायर मॉल के बाहर हुआ विवाद

दरअसल, 22 साल के मोहम्मद कैफ का सिटी स्क्वायर मॉल के बाहर युवकों के एक समूह से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि रघुबीर नगर निवासी सोहिल ने अपने साथियों के साथ मिलकर कैफ पर जानलेवा हमला कर दिया और चाकू मार दिया।

कैफ को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि कैफ की जांघ पर चाकू से दो वार किए गए जिससे एक गंभीर नस टूट गई। इसी कारण उसकी मौत हो गई।

रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य संदिग्धों साहिल का पता लगा लिया है। उसे बुधवार को पकड़ लिया गया। हालांकि इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष घटना के समय नशे में थे। ऐसा लगता है कि मामूली विवाद बढ़कर हिंसक टकराव में बदल गया। विवाद के सही वजह का पता लगाया जा रहा है। बाकी संदिग्धों की पहचान करने और उनका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।