दिल्ली के न्यू उस्मानपुर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामला पुरानी दुश्मनी का है। घटना की जानकारी पुलिस ने दी। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।
दरअसल, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में एक पार्क के पास चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर एक शख्स को कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। जबकि एक अन्य को बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार देर रात हुई।
पुलिस ने बताई घटना की पूरी कहानी
मामले में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘देर रात एक बजकर 37 मिनट पर हमारे पास अस्पताल से फोन आया कि जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के सामने डीडीए पार्क के पास दो लोग घायल हो गए हैं। इसके बाद घटनास्थल पर तुरंत पुलिसकर्मियों की एक टीम भेजी गई।’’ अधिकारी ने आगे बताया कि दोनों घायलों मयंक चौधरी (19) और लव कुश (24) को अस्पताल ले जाया गया।
छाती पर चोट के निशान
उन्होंने आगे कहा, ‘‘चौधरी की छाती पर चोट के कई निशान थे, जिसे मृत घोषित कर दिया गया। चौधरी को जिस तरह से पीटा गया था वह देखकर पुलिस भी हैरान थी। वहीं लव कुश की हालत गंभीर है। लव कुश ने पुलिस को दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश होने की जानकारी दी है।’’
पुलिस का कहना है कि मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास) और 34 (सामान्य इरादे) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।