Delhi Crime News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की एक अदालत ने एक दशक से भी ज्यादा पहले हुई तीन हत्याओं के मामले में चार आरोपियों को दोषी ठहराया है। यह हत्याएं जाति आधारित ऑनर किलिंग थीं। दोषी करार दिए गए आरोपियों में से दो भाई हैं जिन्होंने अपनी बहन की हत्या कर दी थी। वहीं एक मामले में तो भाई ने अपनी बहन के पति की भी हत्या कर दी थी। कोर्ट ने दोषियों की सजा का ऐलान करने के लिए 7 अक्टूबर की तारीख तय की है।

कौन हैं 3 ऑनर किलिंग के चारों दोषी, क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपियों में शामिल अंकित चौधरी ने 20 जून 2010 को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार में अपनी बहन मोनिका और अपने जीजा कुलदीप सिंह की हत्या कर दी थी। अंकित को उनका प्रेम विवाह मंजूर नहीं था। क्योंकि मोनिका गुज्जर थी और कुलदीप राजपूत। उसी इलाके की एक अन्य महिला शोभा अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। उसके भाई मंदीप नागर ने उसकी हत्या कर दी थी। मनदीप ने मोनिका और कुलदीप की हत्या में भी अंकित की मदद की थी। तीनों की नजदीक से गोली मारकर हत्या की गई थी। अंकित और मनदीप के अलावा इन मामलों में बाकी दो दोषी का नाम नकुल खारी और राकेश नागर उर्फ ​​सिंटू है।

मोनिका और कुलदीप के प्रेम विवाह से आहत हुआ परिवार और समुदाय

कुलदीप और मोनिका एक दूसरे से प्यार करते थे। दोनों ने साल 2006 में शादी करने का फैसला किया था। इस बात से मोनिका के परिवार और स्थानीय गुज्जर समुदाय के कुछ लोगों ने कथित तौर पर खुद को अपमानित महसूस किया। यह महसूस करते हुए कि उनकी जान खतरे में हो सकती है मोनिका और कुलदीप अशोक विहार से बाहर चले गए। चार साल बाद जब उन्हें लगा कि मामला शांत हो गया है तो वे वापस अशोक विहार लौट आये। कोर्ट ने अपने आदेश में इस घटना को चिन्हित करते हुए कहा कि “भ्रमपूर्ण सम्मान और घृणा का प्राणी फिर से जागृत हो गया”।

मोनिका- कुलदीप लौटे, बॉयफ्रेंड के साथ भाग गईं मनदीप की दोनों बहनें खुशबू और शोभा

इस बार मनदीप की बहनें खुशबू और शोभा अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग गईं। हालांकि शोभा कुछ समय बाद वापस लौट आई, लेकिन स्थानीय समुदाय को लगा कि शोभा और खुशबू भी कुलदीप और मोनिका के नक्शेकदम पर चल रही हैं। कोर्ट के आदेश में कहा गया है कि गुज्जर समुदाय के कुछ लोगों ने “कुलदीप और मोनिका का एक उदाहरण स्थापित करने का फैसला किया, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के आचरण को दोहराने की हिम्मत न करे।” अंकित ने कुलदीप से यह भी कहा था कि उसे स्थानीय समुदाय में प्रेम विवाह संस्कृति शुरू करने के परिणाम भुगतने होंगे। कुलदीप ने अपने परिवार को अंकित की धमकियों के बारे में बताया था।

Spanish मूल की बहनों से लेकर मॉडल Qandeel Baloch तक, क्यों Honor Killing का गढ़ बना Pakistan | Video

आखिरकार 20 जून, 2010 को मिली मोनिका, कुलदीप और शोभा की खून से लथपथ लाश

आखिरकार 20 जून, 2010 को मोनिका का छोटा भाई उसे खाना देने गया तो उसे खून से लथपथ पड़ा हुआ पाया। उसने तुरत अपने पिता को सूचित किया। इसके बाद कुलदीप भी गायब हो गया। उसके फोन पर कॉल करने पर कोई जवाब नहीं मिल रहा था। कुछ गड़बड़ होने के डर से कई लोगों ने उसे अपने इलाके और उसके आसपास खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें एक कार में कुलदीप का शव मिला। दो दिन बाद मनदीप की बहन शोभा का क्षत-विक्षत शव भी एक कार में मिला था।