मुंबई के बांद्रा इलाके के फेमस रेस्ट्रों ‘पापा पंचो दा ढाबा’ में एक शख्स अपने दोस्त के साथ खाना खाने गया था। उसने खाना ऑर्डर किया। उसने खाने में रोटी के साथ चिकन और मटन की थाली का ऑर्डर दिया। उसके सामने खाना बनकर भी आ गया। उसे भूख लगी थी इसलिए वह खाने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता था। उसने एकाध निवाला खाया ही था कि उसे स्वाद अजीब सा लगा। इसके बाद उसने करीब से देखा तो पाया कि चिकन की जगह वह मरे हुए चूहे का मांस खा लिया। उसका दिमाग भन्ना गया। उसे यकीन नहीं हो रहा था कि इतने आलीशान रेस्तरां इस तरह की गलती हो सकती है।
वह तो यहां बहुत भरोसे के साथ आया था। इसके बाद उसका मन खऱाब हो गया। घटना मंगलवार की है। उसने लोकप्रिय रेस्तरां ‘पापा पंचो दा ढाबा’ के मैनेजर और शेफ पर आरोप लगाया कि उसे खाने में चिकन डिश के साथ मरा हुआ चूहा परोसा गया। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्टमर ने दर्ज कराई शिकायत
शिकायतकर्ता अनुराग सिंह के मुताबिक, वे अपने दोस्त के साथ बांद्रा वेस्ट के पाली हिल स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उन्होंने रोटी के साथ चिकन और मटन की थाली का ऑर्डर दिया। खाते समय उन्होंने देखा कि मांस के एक टुकड़े का स्वाद अलग है। करीब से देखने पर उन्हें एक छोटा सा चूहा मिला। जब सिंह ने रेस्टोरेंट मैनेजर से इस बारे में पूछा तो उसने गोलमोल जवाब दिया। इसके बाद अनुराग सिंह ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रेस्टोरेंट मैनेजर विवियन अल्बर्ट शिकेवर, शेफ और चिकन सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है।
शिकायतकर्ता प्राइवेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी हैं
इस मामले में बांद्रा पुलिस ने कहा कि 40 साल के शिकायतकर्ता अनुराग दिलीप सिंह डिंडोशी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे गोरेगांव पश्चिम में एक प्राइवेट बैंक में वरिष्ठ प्रबंधक हैं। वे पाली नाका बांद्रा (पश्चिम) पर पापा पंचो दा ढाबा रेस्तरां में 13 अगस्त को अपने दोस्त अमीन खान (40) के साथ डिनर पर गए थे। वहां उन्होंने भुना गोश्त और चिकन ढाबा का ऑर्डर दिया। खाना खाते समय सिंह को चिकन डिश में एक असामान्य टुकड़ा मिला। एफआईआर में कहा गया है कि उन्होंने इसकी सावधानीपूर्वक जांच की और यह जानकर हैरान रह गए कि यह एक मरा हुआ चूहा था। दोनों ने होटल मैनेजर को बुलाया और उन्हें चूहा दिखाया। सिंह ने पुलिस को बताया कि उस वक्त मैनेजर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
सिंह के दोस्त खान ने बाद में उनके भोजन में मिले मरे चूहे की तस्वीरों के साथ घटना के बारे में ट्वीट किया। उन्होंने अपने हैंडल @AminKhanNIAZI से मुंबई पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि पाली नाका बांद्रा वेस्ट के पास पापा पंचोदा ढाबा में हमारी ग्रेवी में चूहा मिला। कोई मैनेजर या मालिक सुनने को तैयार नहीं है। हमने पुलिस और 100 अन्य लोगों को भी बुलाया। अभी तक कोई मदद नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस की प्रतिक्रिया मिलने के बाद सिंह ने रेस्तरां के खिलाफ शिकायत दर्ज की। उन्होंने कहा, “चूंकि मेरा मानना है कि मामला गंभीर है, इसलिए मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई की है या नहीं।”बांद्रा पुलिस ने रविवार को मैनेजर और होटल में चिकन की सप्लाई करने वाले विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया।
दोनों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 272 (बिक्री के लिए खाद्य या पेय में मिलावट), 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। रेस्तरां के सुपरवाइजर ने कहा कि वह इस मामले पर टिप्पणी करने के लिए अधिकृत नहीं हैं। बांद्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक संजय मराठे ने कहा कि मामले में रेस्तरां के प्रबंधक (विवियन सिकेरा) और रसोइये को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।