दर्शना पवार हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने वह हथियार बरामद कर लिया है जिसका इस्तेमाल आरोपी राहुल हंडोरे ने हत्या करने में किया था। इसके साथ ही पुलिस ने वह बाइक भी बरामद कर ली है जिस पर बिठाकर राहुल दर्शना को राजगढ़ किले में ले गया था। यह हत्या 12 जून को हुई थी।
इस मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस का कहना है कि, हमने हंडोरे द्वारा हत्या में इस्तेमाल किया गया कटर बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वह बाइक भी बरामद कर ली है जिससे वे और दर्शना 12 जून को राजगढ़ किले में घुमने गए थे। इस मामले में अदालत ने जांच को आसान बनाने के लिए हंडोरे की पुलिस हिरासत 3 जुलाई (सोमवार) तक बढ़ा दी है।
दरअसल, दर्शना पवार का शव 18 जून को गुंजवने गांव के पास मिला था। जांच में यह बात सामने आई थी कि शादी का प्रपोजल ठुकराने के बाद राहुल ने अपनी दोस्त दर्शना पवार की हत्या कर दी थी। आरोपी राहुल सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह अपना खर्चा चलाने के लिए पार्ट टाइम जॉब भी करता था। दर्शना की हत्या करने के आरोप में उसे 21 जून की रात को अंधेरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। वह महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) सिविल सेवा की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, दर्शना पवार को राज्य सिविल सेवा परीक्षा के जरिए आरएफओ के पद के लिए चुना गया था। इस परीक्षा का परिणाम मार्च 2023 में घोषित किया गया था।
जानिए क्या है पूरा मामला है?
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की तीसरे नंबर की टॉपर दर्शना पवार मर्डर केस में पुलिस ने खुलासा था कि कातिल कोई औऱ नहीं बल्कि दर्शना का दोस्त राहुल हंडोरे ही है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। राहुल ने 12 जून को दर्शना पवार की हत्या कर शव को ऊंची पहाड़ी से नीचे फेंक दिया था। इसके बाद से ही वह लापता चल रहा था।
दर्शना तीसरे नंबर की टॉपर थी
महाराष्ट्र के कोपरगांव की रहने वाली 26 साल की दर्शना दत्तू पवार ने हाल ही में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) में तीसरे नंबर की टॉपर रही थीं। उन्हें फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में रेंजर चुना गया था। 12 जून को वह राजगढ़ किला घूमने गई थीं। जिसके बाद से लापता हो गई थीं। घरवालों ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। कुछ दिनों पहले ही पुणे ग्रामीण पुलिस को राजगढ़ किले की तलहटी में उनका शव मिला था। शव पर चोट के कई निशान थे। शव से थोड़ी दूरी पर दर्शना का काला चश्मा, जूता और बंद मोबाइल मिला था।
हत्या के बाद फरार हो गया था राहुल
इसके बाद यह साफ हो गया था कि दर्शना की हत्या की गई है। शव मिलने के चार दिन बाद पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। पुलिस ने दर्शना के दोस्त राहुल हंडोरे को गिरफ्तार कर लिया था। राहुल 12 जून को दर्शना के साथ राजगढ़ किला घूमने गया था। दर्शना की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया था। दोनों के परिजनों ने 14-15 जून को उनके लापता होने की अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई थी।
दर्शना ने शादी से किया था इनकार
पूछताछ में राहुल ने बताया कि दर्शना के परिवार वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी जबकि वह उससे शादी करना चाहता था। उसकी शादी की तैयारियां भी होने लगी थी। दोनों साथ में कोचिंग में पढ़ते थे। दोनों ने साथ में परीक्षा दी थी दर्शना अच्छे नंबरों से पास हो गई थी जबकि राहुल पास नहीं हो सका था।
दर्शना ने MPSC में टॉप किया था। उसके पिता अहमदनगर में चीनी मिल में ड्राइवर हैं। इसी सिलसिले में कोचिंग सेंटर ने उन्हें सम्मानित करने के लिए 11 जून को पुणे बुलाया था। कार्यक्रम में दिया गया दर्शन का भाषण वायरल हो गया था। पुणे ग्रामीण पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज की थी।
नासिक जिले का रहना वाला है आरोपी राहुल
आरोपी हंडोरे नासिक जिले के सिन्नर तालुका के शाह गांव के रहने वाला है। उसने बीएससी किया है। फिलहाल वह पुणे में सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहा था। वह दर्शना को राजगढ़ किला घुमाने ले गया और वहां उसकी हत्या कर शव को पहाड़ी से नीचे फेंक दिया। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर दर्शना के साथ किले में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस को उस पर शक था। वह हत्या करने के बाद गायब हो गया था। उसका फोन भी बंद आ रहा था। पुलिस अभी मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल हत्या में इस्तेमाल हुआ बाइक और कटर बरामद कर लिया गया है।