Coronavirus, (COVID-19): कोरोना के खौफ के बीच राजस्थान के कोटा से एक बेहद ही हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने उसे कोविड-19 से संक्रमित समझकर घर से निकाल दिया है। महिला को जबरन कोरोना संक्रमित बता कर घर से निकाले जाने का यह मामला थाने की चौखट तक जा पहुंचा है।
‘News 18’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह महिला कोटा के कुन्हाड़ी थाना इलाके में अपने सुसराल वालों के साथ रहती है। हाल ही में उसने महिला थाने में जाकर अपने ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला थाना प्रभारी चंद्रज्योति ने इस मामले में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा है कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की तफ्तीश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मूल रूप से बारां जिले के मांगरोल इलाके की रहने वाली इस महिला की शादी साल 2009 में कुन्हाड़ी के रहने वाले भुवरेश मीणा से हुई थी। शादी के बाद से ही घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर कलह होता था। कहा जा रहा है कि कुछ दिनों पहले महिला को टायफाइड हो गया। काफी खर्च कर महिला ने अपना इलाज कराया था और वो पूरी तरह से स्वस्थ हो गई है। हालांकि महिला शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो गई हैं।
अब इस महिला का कहना है कि उसके ससुराल वाले उसे कोरोना संक्रमित समझ कर अपनाने से इनकार कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस को यह भी जानकारी दी है कि शादी के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए भी प्रताड़ित करते थे। तबीयत खराब होने के बाद उसने अपना इलाज अपने गहने बेच कर कराए थे।
फिलहाल अब महिला की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग एंगल से अपनी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी तफ्तीश के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।