Coronavirus, (Covid-19) India Lockdown: महाराष्ट्र के अमरावती में आइसोलेशन में रह रही एक महिला के साथ बेहद ही चौंकाने वाली वाली घटना सामने आई है। इस आइसोलेशन वार्ड में एक शख्स ने महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और नहीं बनाने पर धमकी भी दी कि वो उसे खाना नहीं देगा। इस मामले के उजागर होने के बाद यहां हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक यह महिला अपने परिवार के साथ मुंबई में मजदूरी करती है। लॉकडाउन के दौरान यह महिला अपने परिवार के साथ मुंबई से लौट कर गांव आई थी। लेकिन नियम के मुताबिक महिला ने खुद को अपने परिवार के साथ 14 दिनों के लिए क्वारन्टीन में रख लिया।

इस दौरान महिला गांव के ही एक स्कूल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रहने लगी। बताया जा रहा है कि रविवार (10-05-2020) को पाटिल रंजीत नाम के एक शख्स ने रात के वक्त आइसोलेशन वार्ड में पहुंच गया और उसने महिला को पकड़ लिया।

पाटिल महिला पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। महिला का आरोप है कि पाटिल ने उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होंने उसकी बात नहीं मानी तो उन्हें खाना भी नहीं दिया जाएगा। पाटिल की बात सुनकर महिला ने शोर मचा दिया और फिर वहां काफी लोग जमा हो गए।

लोगों ने आरोपी पाटिल को पकड़ लिया। मामले की गंभीरता को समझते हुए लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त युवक नशे में था। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने अश्लील शब्दों का प्रयोग भी किया।

बहरहाल अब इस मामले में आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाइयों में जुटी हुई है। आपको बता दें कि मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के संक्रमण का विस्फोट हुआ है। यहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 20 हजार के पार चली गई है। अकेले मुंबई में यह आंकड़ा 13 हजार से पार पहुंच गया

राज्य की उद्धव सरकार ने लोगों से कहा है कि इस मुश्किल घड़ी में सोशल डिस्टेन्सिंग तथा लॉकडाउन जैसे नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि इस संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।