पंजाब में कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलबीर सिंह जीरा को मंगलवार सुबह उनके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि कांग्रेस नेता जीरा को किस मामल में गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने फिरोजपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा के खिलाफ एक्शन लिया है। जानकारी के अनुसार, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस के स्टाफ को काम करने से रोकने के कारण जीरा के खिलाफ कुछ दिनों पहले मामला दर्ज हुआ था।

दरअसल, जीरा के खंड विकास कार्यक्रम अधिकारी (बीडीपीओ) सुरजीत सिंह की शिकायत के आधार पर 13 अक्टूबर को जीरा और 80 लोगों पर उन्हें और कर्मचारियों को उनके काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में पुलिस को शिकायत मिली थी। जिसके अनुसार, जीरा 70 से 80 समर्थकों के साथ बुधवार को उनके दफ्तर में जबरदस्ती घुस गए थे। जीरा पर काम में बाधा डालने और आधिकारिक रिकॉर्ड्स को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा था।

28 सितंबर को कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा हुए थे गिरफ्तार

बता दें कि इससे पहले 28 सितंबर को कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को उनके चंडीगढ़ आवास से गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ 2015 के ड्रग्स तस्करी मामले में एक्शन लिया गया था। उन्हें दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद 30 सितंबर को उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि खेरा ने कहा था कि उनके ऊपर झूठा आरोप लगाया गया है।

उनका कहना था कि सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ जारी समन को पहले ही खारिज कर दिया था। इतना ही नहीं कांग्रेस नेता खैरा ने आम आदमी पार्टी को घेरा था। उनका कहना था कि भगवंत मान सरकार के खिलाफ बोलने की वजह से उनके खिलाफ एक्शन लिया गया। उन्होंने सीएम भगवंत मान पर बदले की राजनीति के आरोप लगाए थे।

अब कांग्रस नेता कुलबीर सिंह जीरा को गिरफ्तार किए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। अब देखना है कि मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।