देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक खतरनाक और संदिग्ध शख्स घुस आया है। इस खुफिया इनपुट मिलने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अलर्ट पर है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एक ईमेल भेजकर मुंबई पुलिस को इस बारे में अलर्ट रहने की जानकारी दी है। इस शख्स के लिए एनआईए ने अपने ईमेल में ‘खतरनाक’ विशेषण का इस्तेमाल किया है। मुंबई पुलिस को उस खतरनाक शख्स का आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, एलसी समेत कई दस्तावेजों की कॉपी ईमेल के जरिए भेजते हुए काफी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

काफी खतरनाक मंसूबों के साथ मुंबई पहुंचा संदिग्ध

रिपोर्ट्स के मुताबिक नोडल जांच एजेंसी ने बताया कि यह खतरनाक शख्स इंदौर शहर का रहने वाला है। साथ ही यह भी जानकारी दी गई है कि इस शख्स ने चीन, हांगकांग और पाकिस्तान में ट्रेनिंग ली है। वह काफी खतरनाक मंसूबों के साथ भारत में घुसा है। मुंबई पुलिस ने भी इस बारे में कई जानकारी इंदौर पुलिस के साथ साझा की है। पुलिस ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है। तमाम जानकारियों के इकट्ठा होने के बाद ही सार्वजनिक तौर पर कुछ कहा जा सकता है।

सूत्रों का दावा संदिग्ध शख्स का नाम सरफराज मेमन

सूत्रों के मुताबिक NIA ने अपने ईमेल में कहा है कि उस खतरनाक और संदिग्ध शख्स का नाम सरफराज मेमन है और उसके मुंबई पहुंचने की खबर है। इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महाराष्ट्र के ठाणे पश्चिम का निवासी 21 वर्षीय खालिद मुबारक खान और तमिलनाडु का रहने वाला 26 वर्षीय अब्दुल्ला को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक कथित तौर पर ये दोनों हथियारों के इस्तेमाल की ट्रेनिंग के लिए अवैध रूप से पाकिस्तान जाने की कोशिश कर रहे थे।

पाकिस्तान जाने की कोशिश में दो संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने इस बारे में कहा था, “दोनों आरोपी व्यक्ति पाकिस्तान में स्थित एक आका से निर्देश प्राप्त कर रहे थे और अवैध रूप से सीमा पार करके हथियार प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान जाने की योजना बना रहे थे। इनके पास से दो पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक चाकू और एक तार कटर बरामद किया गया है। 14 फरवरी 2023 को इनके बारे में पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी।

Coimbatore Blast Case: 100 जगहों पर NIA की छापेमारी, ISIS के भर्ती अभियान पर करारी चोट, देखें वीडियो

गोपनीय सूचना पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक आतंकी मॉड्यूल के प्रति निष्ठा रखने वाले कुछ कट्टरपंथी लोगों के अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के लिए मुंबई के रास्ते दिल्ली आने और पाकिस्तान स्थित हैंडलर की मदद से आतंकवादी प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान जाने की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि उनके पास अत्याधुनिक अवैध हथियार हैं और वे लाल किले के पीछे रिंग रोड के पास पहुंचेंगे।