तमिलनाडु के चेन्नई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला के प्रेमी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार किया और फिर महिला ने घर पर बेटी के बच्चे को जन्म दिलाया। चौंकाने वाली बात यह थी कि मां ने ही प्रेमी को हैवानियत के लिए अनुमति दी थी। मामले में खुलासा तब हुआ, जब बच्चे को बीमार होने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल ले जाना पड़ा था। इस घटना में अब महिला को उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय महिला दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करती थी और उसकी बेटी 11वीं कक्षा में पढ़ रही थी। महिला का 50 वर्षीय व्यक्ति से अफेयर चल रहा था। शख्स ने लड़की को देखकर उसकी मां से कहा था कि वह उससे (लड़की) शादी करना चाहता है। कुछ समय बाद उसने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया और मां को भी इस बात की जानकारी हो गई।

जब लड़की गर्भवती हो गई तो मां ने उसकी स्कूली शिक्षा बंद कर दी और उसकी शादी अपने प्रेमी से कर दी। इसके बाद घटना के बारे किसी को पता न चले इसलिए उसने लड़की को अपने घर के अंदर रखा। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि, ”एक मई को लड़की ने प्रसव पीड़ा की शिकायत की, जिसके बाद मां ने घर के बाथरूम में लड़की की डिलीवरी कराई।

घर में प्रसव होने के बाद लड़की ने बिना किसी परेशानी के बच्चे को जन्म दिया। यह घटना कई दिनों तक दबी रही लेकिन मामला तब खुला जब नवजात बीमार पड़ गया और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ा। वहां के स्टाफ ने बच्चे का जन्म रिकॉर्ड और शिशु की मां के बारे में पूछा। जब महिला ने अपना आधार कार्ड जमा किया तो स्टाफ ने बच्चे की उम्र का पता लगाया और बाल कल्याण समिति को सूचना दी।

घटना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ और बाल कल्याण समिति के हस्तक्षेप के बाद मामला पुलिस तक जा पहुंचा। फिर इस मामले में चेन्नई पुलिस ने भी पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और दोनों आरोपियों (महिला और उसके प्रेमी) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के ऊपर भी अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है।