BJP Leader Found Dead: पश्चिम बंगाल के पुरबा मेदिनीपुर जिले के मोयना में भारतीय जनता पार्टी का एक पदाधिकारी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया है। पुलिस ने मृतक की पहचान विजयकृष्ण भुइया के रूप में की है। वह बक्छा के बूथ संख्या 234 के भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। बीजेपी सदस्यों ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे कुछ बदमाशों ने उन्हें घर के बाहर उनकी पत्नी के सामने पीटा और फिर जबरन मोटरसाइकिल पर ले गए।
घर के पास ही देर रात मिला भाजपा नेता का शव
भाजपा नेता भुइया का शव देर रात उसके घर से कुछ मीटर की दूरी पर मिला। विजयकृष्ण भुइया की लाश मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक भुइया के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। भुइया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा
पश्चिम बंगाल भाजपा ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की मांग को लेकर मोयना ब्लॉक में बुधवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। भाजपा पूरबा मेदिनीपुर जिले में 100 से अधिक स्थानों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता अधिकारी ने कहा, ‘भुइया को उसके परिवार के सामने से ले जाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने चोर की तरह शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।’
हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा सदस्यों ने मंगलवार सुबह 9 बजे क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन शुरू किया और मोयना में सड़कों को जाम कर दिया। सड़क जाम के दौरान उन्होंने टायर भी जलाए। मोयना विधायक अशोक डिंडा के नेतृत्व में भाजपा ने थाने के सामने धरना भी दिया। डिंडा ने कहा, जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, हम सड़क पर रहेंगे। उन्होंने कहा, “हम विरोध जारी रखेंगे। पश्चिम बंगाल पुलिस तृणमूल कांग्रेस (TMC) पार्टी के लोगों की तरह काम करती है।”
BJP vs TMC: West Bengal में Mamata Government के खिलाफ BJP का 12 घंटे का बंद आज, जानिए पूरा मामला! Video
पूर्व तृणमूल विधायक संग्राम दलुई ने कहा- हमारा लेना देना नहीं
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि मोयना के पूर्व तृणमूल विधायक संग्राम दलुई भुइया की हत्या के पीछे हैं। हालांकि, दलुई ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी इस घटना में शामिल नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि पारिवारिक विवाद के कारण भाजपा नेता की हत्या की गई है। आरोप के मुताबिक भाजपा नेता भुइया पर उस वक्त हमला किया गया जब वह अपने पुराने घर से नए घर में जा रहा था।