तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लड़कों को सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए देखा जा सकता है। बाइकर्स का ये समूह यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि मामला सामने आते ही पुलिस ने स्टंट करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया और 10 लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि इन लड़कों ने स्टंट और आतिशबाजी का कॉकटेल का बनाया है। एक तरफ ये चलती बाइक को हवा में उड़ा रहे हैं तो दूसरी तरफ इसके साथ ही पटाखे भी फोड़ रहे हैं। वे बाइक से पटाखे जला रहे हैं। पटाखों के साथ बाइक भी सीधे हवा में जा रही है। बाइकर्स लगातार बाइक को हवा में उड़ा रहे हैं और पटाखे छोड़ रहे हैं। यह वीडियो इतना खतरनाक है कि इसे देखकर मुंह से चीख निकल सकती है।

5 बाइक 10 लोग और जलते पटाखों के साथ खतरनाक स्टंट

वायरल वीडियो के अनुसार, 5 बाइक दिख रही है। बाइक पर लोग सवार हैं। इस वीडियो को स्लो मोशन में डाला गया है। बैकग्राउंड में दिवाली का गाना बज रहा है। एक-एक करके सभी बाइकर्स स्टंट दिखा रहे हैं। वे पीछे वाली पहिया के सहारे बाइक को हवा में उठा दे रहे हैं।

इस मामले में त्रिची के एसपी डॉ. वरुण कुमार ने मीडिया को बताया, “त्रिची जिला पुलिस ने सड़क पर स्टंट करने वाले लड़कों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी बाइकर्स पैदल चलने वालों की जान जोखिम में डाल रहे थे।” बता दें कि इस वायरल वीडियो की पुष्टि त्रिची जिला पुलिस ने की है।

देखिए इस स्टंट का खतरनाक वीडियो