बिहार के पूर्णिया से एक चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने एक 32 वर्षीय शख्स को 12 शादियां करने, लड़कियों को जबरन देह व्यापार में धकेलने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जिन लड़कियों से शादी की उनमें से 8 नाबालिग थीं।
पूर्णिया पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि, आरोपी की पहचान मोहम्मद शमशाद उर्फ मनोहर के रूप में हुई है। शमशाद, किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र के अनारकली गांव का रहने वाला है। आरोपी को किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के कोइदंगी गांव से अनगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी शमशाद उच्च शिक्षा की तैयारी भी कर रहा था।
अनगढ़ एसएचओ पृथ्वी पासवान ने बताया कि आरोपी मोहम्मद शमशाद उर्फ मनोहर के खिलाफ 8 दिसंबर, 2015 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि अनगढ़ के बिजवार गांव के रहने वाले मोहम्मद हसीब ने शिकायत देकर कहा था कि 27 नवंबर, 2015 को शमशाद ने उसकी नाबालिग बेटी से शादी करने का झांसा दिया और फिर अपने साथ लेकर चला गया था।
एसएचओ ने कहा, जब परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी को अगवा किया गया है तो पुलिस ने किशनगंज के एलआरपी चौक से अपहृत युवती को बरामद कर लिया था। हालांकि, आरोपी शमशाद पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शमशाद ने खुलासा किया है कि उसने 12 लड़कियों से शादी की थी, जिनमें से 8 नाबालिग थीं।
पुलिस ने कहा कि शमशाद मासूम लड़कियों से शादी करने के लिए खुद को कुंवारा बताता था और बाद में उसे जबरन वेश्यावृत्ति में धकेलता था। यह सभी लड़कियां एक ही समुदाय की थीं। आरोपी ने बताया कि वह किशनगंज जिले के ठाकुरगंज के रेड लाइट इलाके में लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने के लिए मजबूर करता था।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने बाद में बंगाल में लड़कियों को और पैसे के लिए बेच दिया। 12 लड़कियों में से 2 अनगढ़ थाना क्षेत्र की हैं और 10 अन्य किशनगंज जिले की हैं। पुलिस सभी बच्चियों को बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।