भीम आर्मी प्रमुख चंद्र शेखर आजाद पर बीते दिन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देबबंद में हुए जानलेवा हमले में कथित संलिप्तता के लिए शनिवार को हरियाणा के अंबाला जिले से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के पुलिस उपाधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि उन्हें हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त अभियान में पकड़ा गया।
यूपी के देवबंद में 28 जून को दलित नेता चंद्रशेखर आजाद पर गोलीबारी हुई
उत्तर प्रदेश के देवबंद में 28 जून को दलित नेता चंद्रशेखर आजाद अज्ञात हमलावरों द्वारा कार पर की गई गोलीबारी में घायल हो गए थे। गोली उनके पेट के पास छूती हुई निकल गई थी। घायल हालत में उन्हें पहले देबबंद फिर सहारनपुर की अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज कर रहे डॉक्टर्स ने उनकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताया है।
गिरफ्तार आरोपियों में एक हरियाणा और तीन यूपी के सहारनपुर का रहने वाला
हरियाणा STF के पुलिस उपाधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि चारों संदिग्धों को अंबाला के शहजादपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों की पहचान हरियाणा के विकास और उत्तर प्रदेश के विकास, प्रशांत और लोविश के रूप में की गई। उन्होंने बताया कि विकास हरियाणा के करनाल जिले के गोंदर गांव का रहने वाला था, जबकि तीन अन्य उत्तर प्रदेश के सहारनपुर इलाके के रणखंडी गांव के रहने वाले थे।
गिरफ्तार आरोपियों के पास नहीं मिला कोई हथियार, यूपी पुलिस को सौंपी कस्टडी
अमन कुमार ने कहा कि उनके पास से कोई हथियार जब्त नहीं किया गया और उन्हें कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद में 28 जून को एक समर्थक के घर पर ‘तेरहवीं’ अनुष्ठान में शामिल होने गए दलित नेता आजाद की एसयूवी पर हमलावरों ने “चार गोलियां” चलाईं।
Chandrashekhar Azad: गोली चलाने के बाद Bhim Army Chief की अपील ‘देशभर में शांति बनाए बनाये रखे’ | Video
चंद्रशेखर आजाद को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले पोस्ट के आरोप में एक गिरफ्तार
इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस ने भीम आर्मी के नेता चंद्र शेखर आजाद पर कथित तौर पर सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 30 साल के एक शख्स को अमेठी से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बाद में कहा कि गिरफ्तार किए गए ड्राइवर विमलेश सिंह का अब तक दलित नेता आजाद पर जानलेवा हमले से कोई संबंध सामने नहीं आया है।