आज कहानी मुंबई के चर्चित बेनेट रिबेलो मर्डर की जिसमें सूटकेस में बंद लाल स्वेटर, शर्ट और फिर फेसबुक से कातिल पकड़ लिए गये थे। इस मर्डर केस की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं थी। बेनेट रिबेलो पेशे से संगीतकार थे, लेकिन दो दिसंबर को महाराष्ट्र के माहिम इलाके में सूटकेस में अधकटी लाश मिली थी। जब पुलिस को मछुआरों और लोगों की सूचना पर इसकी जानकारी मिली तो वह हैरान रह गए थे।

माहिम बीच में अधकटी लाश: दो दिसंबर को माहिम बीच पर मिले सूटकेस में एक अधकटी लाश बंद थी। इसके अलावा इसी सूटकेस में कुछ कपड़े भी रखे हुए थे, जो खून से सने हुए थे। पुलिस ने इलाके को छान मारा, सीसीटीवी फुटेज की जांच की, सूटकेस को पास के इलाके में छोड़ता हुआ कोई दिखाई नहीं दिया। फिर उन्हें केस में क्लू मिला जिसमें सूटकेस से मिली शर्ट में एल्मो मेन्स वियर का टैग मिला।

शर्ट के टैग ने बताई मृतक की पहचान: पुलिस ने जांच बढ़ाई तो पता चला कि यह टैग एक टेलर का था, जिसकी दुकान मुंबई के कुर्ला पश्चिम में बेलगामी रोड पर मौजूद थी। पुलिस की किस्मत अच्छी थी कि इस शर्ट के बिल की एक कॉपी टेलर के पास मिल गई। पता चला कि किसी बेनेट रिबेलो ने इसे सिलवाया था, लेकिन अगले ही पल झटका तब लगा; जब उसमें न तो बेनेट का फोन नंबर था और न ही घर का पता। फिर पुलिस ने फेसबुक पर इस नाम को सर्च किया तो दर्जनों प्रोफाइल थी, लेकिन तभी लाल स्वेटर में एक फोटो दिखी। दरअसल, ऐसा ही स्वेटर पुलिस को सूटकेस में मिला था। खोजने पर पता चला कि मरने वाले का नाम बेनेट ही था।

https://youtu.be/T0py9eY_Ze4

फेसबुक ने दिया घर का पता: फिर फेसबुक की उसी प्रोफाइल में बेनेट रिबेलो का एक आई-कार्ड मिला जिसमें घर का पता मिल गया। पुलिस बेनेट रिबेलो के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। पूछने पर पता चला कि एक आराध्या पाटिल उर्फ रिया बेनेट रिबेलो नाम की एक बेटी है पर वह कई दिनों से गायब है। फिर उसका नंबर और एक नोट बुक मिली जिसमें कत्ल का कबूलनामा था। इसमें लिखा था कि – ‘आई एम ए बैड गर्ल। जिसने मुझे पनाह दी, परवरिश की, मैंने उसी का कत्ल कर दिया।’ दरअसल, रिया को बेनेट रिबेलो ने गोद लिया था।

गोद ली गई बेटी का कबूलनामा: मुंबई के घाटकोपर इलाके में लोकेशन मिलने के बाद रिया से पुलिस पूछताछ करती है तो एक बड़ा खुलासा होता है। बेटी ने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ ही इस कत्ल को अंजाम दिया था, क्योंकि बेनेट कुछ समय से उसका यौन शोषण करने लगे थे। जिसके बाद उसने अपने से छोटे प्रेमी के साथ मिलकर 26 नवंबर 2019 की शाम को बेनेट को पहले वजनी हथियार से मारकर बेहोश कर दिया, फिर मोस्कीटो स्प्रे को मुंह में डालकर उनका दम घोंट दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर 27 नवंबर को 4 चाकुओं को बार-बार गर्म कर बेनेट के शव के आठ टुकड़े किए थे, फिर उन्हें सूटकेस में भरकर फेंक दिए थे।