बेंगलुरु में बंद के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को मंगलवार को एक स्थानीय होटल द्वारा सप्लाय किए गए फूड पैकेट के अंदर एक मरा हुआ चूहा मिला। इसके बाद शहर की विद्यारण्यपुरा पुलिस ने फूड सप्लायर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बेंगलुरु पुलिस के उस अधिकारी के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं, जिसने होटल को पुलिस वालों के लिए खाना तैयार करने का ठेका दिया था।
कावेरी जल बंटवारा विवाद को लेकर किसान संगठनों ने मंगलवार को किया था बेंगलुरु बंद
पुलिस के अनुसार, स्थानीय होटल द्वारा कुल 180 फूड पैकेट उपलब्ध कराए गए। इन्हें बेंगलुरु बंद के दौरान ऑन-ड्यूटी अधिकारियों के बीच वितरित किया गया था। तमिलनाडु और कर्नाटक राज्यों के बीच जारी कावेरी जल बंटवारा विवाद को लेकर मंगलवार को किसान संगठनों ने बेंगलुरु में बंद बुलाया गया। विपक्षी दलों ने ने बेंगलुरु बंद को समर्थन दिया था। इसलिए बेंगलुरु पुलिस को अधिक संख्या में पुलिस को सुरक्षा इंतजामों में तैनात करना पड़ा था।
व्हाट्सएप ग्रुप पर सतर्क करने के बाद 180 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने छोड़ा फूड पैकेट
संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) एम एन अनुचेथ ने मीडिया से कहा, “यशवंतपुर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के एक स्टाफ सदस्य को बंद के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को वितरित भोजन में मरा चूहा मिला। एक जांच से पता चला कि एक स्थानीय होटल को 180 यातायात और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के लिए भोजन तैयार करने के लिए अनुबंधित किया गया था। इसे सुबह 7.30 बजे वितरित किया गया था। जब चूहे का पता चला तो अधिकारी ने तुरंत अपने सहयोगियों को एक व्हाट्सएप ग्रुप पर सतर्क कर दिया। इसके बाद किसी ने वह खाना नहीं खाया।”
अब शुक्रवार को कर्नाटक बंद का आह्वान, पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ने पीएम मोदी से किया ये आग्रह
कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु के लिए छोड़े जाने के खिलाफ कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन के तौर पर इस सप्ताह दो बंद बुलाया गया है। इसके मुताबिक पहले मंगलवार को बेंगलुरु बंद को सफल करार दिया गया है। शुक्रवार को दूसरा बंद राज्यव्यापी होगा। दोनों ही बंद को लेकर किसान संगठनों और कन्नड समर्थक संगठनों के बीच कुछ मतभेद को लेकर भी चर्चा सामने आ रही है। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने मौजूदा पीएम नरेंद्र मोदी से जल शक्ति मंत्रालय को कावेरी बेसिन में सभी जलाशयों की स्टडी करने के लिए एक बाहरी एजेंसी नियुक्त करने का निर्देश देने का आग्रह किया है।