कर्नाटक के बेंगलुरु से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का पहले जन्मदिन मनाया फिर थोड़ी देर बाद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रेमी को शक था कि उसकी प्रेमिका का किसी और लड़के के साथ भी अफेयर है।

बेंगलुरू में शुक्रवार को एक व्यक्ति ने अपनी 26 वर्षीय प्रेमिका का जन्मदिन मनाने के कुछ ही मिनट बाद उसका गला रेत दिया। मामला लागेरे इलाके का है। मृतका की पहचान कनकपुरा निवासी नव्या के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु में रहती थी और पुलिस विभाग के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग (ISD) में एक क्लर्क के रूप में काम करती थी। नव्या का ब्वॉयफ्रेंड प्रशांत भी कनकपुरा का रहने वाला है। दोनों में पिछले 6 साल से प्यार था। प्रशांत नव्या का दूर का रिश्तेदार लगता है।

जन्मदिन मनाने के बाद कर दी गर्लफ्रेंड की हत्या

11 अप्रैल को नव्या का बर्थडे था लेकिन बिजी शेड्यूल की वजह से उन्होंने इसे शुक्रवार को सेलिब्रेट किया। शुक्रवार की रात वह प्रशांत के घर आई जहां उसने केक काटा। इसके तुरंत बाद, प्रशांत ने चाकू से उसका गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

राजगोपाल नगर के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नव्या को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ के दौरान, प्रशांत ने कहा कि उसने नव्या को इसलिए मार डाला क्योंकि वह दूसरे लड़कों के साथ चैट कर रही थी। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच हाल ही में इस मुद्दे पर कई बार लड़ाई भी हुई थी।

ससुरालवालों ने बॉयफ्रेंड से बात करते पकड़ा तो करवा दिया कत्ल

हाल ही में दिल्ली के गोकुलपुरी थाना क्षेत्र के भागीरथी विहार में बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या हुई थी। बुजुर्ग दंपत्ति राधेश्याम वर्मा और वीना वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने घर की बहू मोनिका को गिरफ्तार किया हैथा। पुलिस ने इस मामले में खुलासा किया था कि अपने प्रेमी आशीष (29) की मदद से अपने ससुराल वालों को मरवाने के आरोप में मोनिका वर्मा को गिरफ्तार किया था। मोनिका ने ऐसा इसलिए करवाया क्योंकि उसके पति और ससुराल वालों को उसके अफेयर का पता चल गया था और वो उस पर रोक लगा रहे थे।