बिहार के बेगूसराय में हुए गोलीकांड मामले में एसपी ने एक्शन लेते हुए सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। बता दें कि इस घटना के कई घंटों बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस दोनों अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इन सातों पुलिसकर्मियों पर लापरवाही बरतने के चलते गाज गिरी है।
13 सितंबर की शाम को करीब 5 बजे दो बाइक सवारों के द्वारा खूनी तांडव किए जाने के मामले में सियासत तेज हो गई है। घटना के बाद से कई भाजपा नेताओं ने बिहार सरकार पर जोरदार हमला बोला था। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन के साथ गिरिराज सिंह ने सवाल उठाते हुए बिहार सरकार और पुलिस विभाग को कठघरे में खड़ा कर दिया।
शाहनवाज हुसैन बोले- हम यहां इंडस्ट्री लाए, अब चल रही गोलियां
बेगूसराय गोलीकांड की घटना को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि “हम बेगूसराय में उद्योग लगाने के लिए प्रयास कर रहे। हमने यहां पेप्सी का प्लांट खोला, इंडस्ट्री लाए लेकिन यहां तो ऐसे गोलियों की बौछार ऐसे हो रही, जैसे आतंकवाद के दिनों में पंजाब और कश्मीर में गोलियां चलती थीं।” बता दें कि घटना के बाद शाहनवाज ने देर रात अस्पताल में जाकर गोलीकांड के पीड़ितों से मुलाकात की थी।
गिरिराज सिंह ने भी बोला हमला
वहीं, बुधवार को पटना पहुंचे भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि “बेगूसराय की घटना बिहार के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहार में जब से महागठबंधन की सरकार बनी है तब से लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था पूरी बिगड़ गई है।” कल हुई घटना के बाद से ही गिरिराज सिंह प्रदेश सरकार पर हमलावर थे।
चश्मदीद ने सुनाई बेगूसराय में तांडव की पूरी कहानी
गोलीकांड के बारे में एक चश्मदीद ने पूरा घटनाक्रम बताते हुए कहा कि सफेद रंग की बाइक पर सवार दो बदमाशों में से पीछे बैठे शख्स ने लोगों पर गोलियां बरसाईं थी। पहले उसने एक आइसक्रीम वाले और फिर एक मछली विक्रेता को गोली मारी। बदमाशों ने अपने मुंह को सफेद कपड़े से ढक रखा था। चश्मदीद ने सवाल भी किया कि बदमाश पूरे रास्ते लोगों पर गोली बरसाते हुए बाइक से बेखौफ होकर चले गए लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
क्या हुआ था बेगूसराय में
बेगूसराय जिले में 10 सितंबर, मंगलवार को 5 बजे के करीब दो बाइक सवार बदमाशों ने हाइवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, हैरानी भरी बात यह रही कि अपराधियों ने ऐसी गोलीबारी करीब 30 किमी के दायरे में अलग-अलग जगहों पर की थी। बदमाशों को जो भी दिखा उसे गोली मारी। इस घटना में बदमाशों ने कुल 10 लोगों को गोली मारी थी, जिनमें से एक शख्स की मौत हो गई थी। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था और बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरे जिले को सील कर दिया था। हालांकि, दोनों बाइक सवार बदमाश अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।