Bihar News: बिहार के सीवान में आठ साल के रिजवान की गिरफ्तारी पर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर अपनी भड़ास निकाली है।
ओवैसी ने कहा कि एक आठ साल के लड़के को जिसका नाम रिजवान है। वो पिछले चार दिन से राजद और नीतीश कुमार की सरकार में पुलिस कस्टडी में है। पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने मीडिया को झूठ बोला है। ओवैसी ने कहा कि मैं उनको चैलेंज कर रहा हूं कि अगर उनको पढ़ना-लिखना नहीं आता है तो जिनको पढ़ना-लिखना आता हो उनसे ये पढ़वा लीजिए कि रिजवान की बर्थ सर्टिफेकट में आठ साल की उम्र है।
AIMIM चीफ ने कहा कि रिजवान की मां पिछले चार दिन से उसकी गिरफ्तारी को लेकर बेचैन है। हम नीतीश कुमार और राजद के लोगों से कहना चाह रहे हैं कि आपका जो सेक्युलरिज्म का नाटक है, वो हमको नहीं चाहिए। आपकी सत्ता, आपको मुबारक। ओवैसी ने पूछा कि आप (नीतीश सरकार) मुसलमानों को सम्मान देंगे कि नहीं देंगे। एक आठ साल के लड़के को गैर जरूरी पकड़कर लेकर गए, उसकी मां के ऊपर क्या गुजर रही है।
नीतीश सरकार और राजद पर भड़कते हुए ओवैसी ने कहा कि सरकार के जो यह सभी लोग खुद को सेकुलरिज्म का बड़ा नेता मानते हैं। यह सेक्युलरिज्म आप लोगों का कहां गया। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में किसी और कि सरकार होती तो आप लोग आसमान सिर पर उठा लेते, अब आप लोगों की सरकार है तो फिर रिजवान को कैसे जेल में रखा गया।
रिजवान को फौरन छोड़े नीतीश सरकार: ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग करते हैं कि रिजवान को फौरन छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि एक आठ साल के बच्चे को खींचकर उसकी मां से अलग कर देना, यह इंसानियत नहीं है, ये जुल्म है।
इससे पहले ट्विटर पर ओवैसी ने लिखा था कि हमें सत्ता और सेक्युलरिज्म नहीं सम्मान चाहिए। नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को टैग करते हुए ओवैसी ने सवाल किया कि आठ साल के रिजवान के साथ ऐसा सुलूक क्यों किया जा रहा है। हमारा रिजवान कब रिहा होगा।
महाबीरी मेला जुलूस में दो समुदाय के बीच हुआ था पथराव
बता दें, सीवान में बीते दिनों महाबीरी मेला जुलूस में दो समुदायों के बीच जमकर पत्थर चले थे। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसमें आठ साल के रिजवान को भी शामिल है। बिहार महागठबंधन की वर्तमान सरकार में ओवैसी की पार्टी AIMIM ने नीतीश कुमार को समर्थन दिया है।