शॉर्ट वीडियो के लिए मशहूर चीनी ऐप टिकटॉक 2020 में दुनियाभर में सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाला ऐप रहा है। इसने फेसबुक और वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया ऐप को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की है। निक्केई एशिया के सर्वे में यह बात कही गई है। निक्केई एशिया ने एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म ऐप एनी के डाटा के आधार पर यह रिपोर्ट तैयारी की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में टिकटॉक सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाले ऐप की लिस्ट में चौथे स्थान पर था। 2018 के बाद इसने इस बार सबसे ज्यादा ऊंची छलांग लगाई है। खास बात यह है कि टिकटॉक भारत समेत कई देशों में प्रतिबंध का सामना कर रहा है। इसके बावजूद चीनी ऐप ने यह उपलब्धि हासिल की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में टिकटॉक को अमेरिका में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया गया है।

टॉप-5 में चार ऐप फेसबुक के शामिल: रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाले टॉप-15 ऐप में टिकटॉक के बाद दूसरे स्थान पर फेसबुक हैं। इस लिस्ट में वॉट्सऐप तीसरे, इंस्टाग्राम चौथे और फेसबुक मैसेंजर पांचवें स्थान पर है। यह तीनों ऐप फेसबुक के ही हैं। हालांकि, 2020 इसका मैसेजिंग ऐप मैसेंजर फिसलकर पांचवें स्थान पर आ गया है।

एशिया में फेसबुक का जलवा बरकरार: यदि क्षेत्र के लिहाज से बात की जाए तो एशिया में फेसबुक का जलवा बरकरार है। चीन को छोड़कर अन्य सभी एशियाई देशों फेसबुक डाउनलोड के मामले में टॉप पर रहा है। जबकि टिकटॉक दूसरे नंबर पर रहा है। चीन में टिकटॉक का चीनी वर्जन डॉयिन डाउनलोड के मामले में पहले स्थान पर रहा है।

सीमा विवाद के बाद भारत ने लगा दिया था प्रतिबंध: पिछले साल सीमा विवाद के बाद भारत सरकार ने चीनी कंपनियों से जुड़े 200 से ज्यादा ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसमें टिकटॉक भी शामिल थे। इसके अलावा सरकार ने अलीबाबा ग्रुप के यूसीवेब, यूसी न्यूज, पबजी समेत कई लोकप्रिय ऐप भी शामिल थे। बैन से पहले 2020 के मध्य तक टिकटॉक के पास भारत में 20 करोड़ से ज्यादा यूजर थे।

2016 में लॉन्च हुआ था टिकटॉक: शॉर्ट वीडियो ऐप टिकटॉक 2016 में लॉन्च हुआ था। यह पिछले पांच साल में काफी लोकप्रिय हुआ है। जनवरी 2021 में पूरी दुनिया में टिकटॉक के 68 करोड़ से ज्यादा मासिक एक्टिव यूजर्स थे। अप्रैल 2020 तक टिकटॉक के 200 अरब से ज्यादा डाउनलोड हो चुके थे