Savitri Jindal net worth: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राजनीतिक पार्टियों में लगातार उथल-पुथल जारी है। कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े नेता तक दल बदल रहे हैं। टिकट और अपनी जरूरतों के हिसाब से एक पार्टी से दूसरी पार्टी का रुख इन नेताओं द्वारा किया जा रहा है। लेकिन हाल ही में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव भारत की राजनीति में उस वक्त देखने को मिला, जब देश की सबसे अमीर महिला और हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। जी हां, लंबे समय तक कांग्रेस की करीबी रहीं सावित्री जिंदल अब बीजेपी में शामिल हो गई हैं।

कामयाब बिजनेस पर्सन, समाजसेवी और भारतीय राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाने वालीं सावित्री जिंदल एक बड़ा नाम हैं। साल 2023 में सावित्री उस समय सुर्खियों में आ गई थीं जब उन्होंने मुकेश अंबानी और गौतम अडानी जैसे देश के दो दिग्गज और प्रभावशाली कारोबारियों को पैसे के मामले में पीछे छोड़ दिया था। पैसे के अलावा सावित्री देश के युवाओं के बीच सामाजिक योगदान और लीडरशिप के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।

बाबा रामदेव को SC की चेतावनी- देश सेवा का बहाना मत बनाओ, कानून सबसे ऊपर, आपने सारी सीमाएं लांघ दीं

पढ़ाई और परिवार

सावित्री जिंदल का जन्म 20 मार्च साल 1940 को असम के तिन्सुकिया में हुआ था। उनका नाता एक हिंदू मारवाड़ी परिवार से है। सावित्री जिंदल को उनकी सादगी और विनम्र व्यवहार के लिए जाना जाता है। साल 1970 में उनकी शादी जाने-माने कारोबारी और जिंदल ग्रुप के फाउंडर ओम प्रकाश जिंदल से हुआ। जिंदल ग्रुप स्टील और पावर के क्षेत्र में एक बड़ा नाम है। 2005 में अपने पति की एक हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत होने के बाद सावित्री जिंदल को जिंदल ग्रुप के चेयरपर्सन का रोल मिला।

करियर और राजनीतिक उपलब्धि

सावित्री जिंदल की प्रोफेशनल जर्नी की बात करें तो बिजनेस और राजनीति दोनों में वह सफल रही हैं। उन्होंने राजस्व और आपदा प्रबंधन, समेकन, पुनर्वास और आवास राज्य मंत्री के साथ-साथ हरियाणा विधानसभा में शहरी स्थानीय निकाय और आवास राज्य मंत्री के तौर पर काम किया। JSW ग्रुप में उनकी लीडरशिप के चलते एक्सपेंशनल और विविधीकरण में बड़ा योगदान मिला है। सबसे खास बात है कि एक पुरुष-प्रधान कारोबारी दुनिया में उन्होंने एक महिला लीडर के तौर पर अपनी विरासत को मजबूत किया है।

नेट वर्थ और बिजनेस वेंचर

सावित्री जिंदल की नेट वर्थ में पिछले कुछ समय में जमकर बढ़त हुई है। साल 2023 में उनकी दौलत में 9.6 बिलियन डॉलर (करीब 80 हजार करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ। और वह पांचवीं सबसे रईस भारतीय बन गईं। Forbes के मुताबिक, सावित्री जिंदल की मौजूदा नेट वर्थ 33.4 बिलियन डॉलर है और वह दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक हैं।

बात करें जिंदल ग्रुप के बिजनेस की तो यह स्टील, पावर, इन्फ्रास्ट्रक्चर और सीमेंट आदि सेक्टर में कारोबार करता है। ग्रुप की बड़ी कंपनियों में JSW Steel, Jindal Steel & Power और JSW Energy आदि शामिल हैं। सावित्री जिंदल का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना उनके करियर का एक महत्वपूर्ण चैप्टर हो सकता है।

Jindal Group की नेट वर्थ क्या है?
जिंदल ग्रुप की नेट वर्थ करीब 24.5 बिलियन डॉलर (करीब 2 लाख करोड़ रुपये) है।

भारत की सबसे अमीर महिला कौन हैं?
सावित्री जिंदल के पास देश की सबसे अमीर महिला होने का खिताब है।

सावित्री जिंदल की धन-दौलत का जरिया क्या है?
सावित्री जिंदल की दौलत का सबसे बड़ा जरिया ओपी जिंदल ग्रुप में उनके द्वारा निभाई जा रही चेयरपर्सन की भूमिका ह। इसके अलावा JSW Steel, Jindal Steel & Power, JSW Energy, Jindal Saw, Jindal Stainless और JSW Holdings में भी वह प्रतिष्ठित पदों पर हैं।