आज 28 दिसंबर है, ये तारीख इसलिए खास है क्योंकि आज बिजनेस लीजेंड रतन टाटा का जन्मदिन है। वहीं आज ही के दिन बिजनेस टायकून धीरूभाई अंबानी का भी जन्मदिन है। लेकिन फिलहाल धीरूभाई हम लोगों के बीच नहीं है। अगर वह आज होते तो 89 साल के होते। जबकि रतन टाटा का आज 83वां जन्मदिन है। आइए जानते है बिजनेस लीजेंड रतन टाटा की जिदंगी से जुड़े कुछ रोचक किस्सों के बारे में…
फोर्ड को दिया शालीनता से जवाब – रतन टाटा ने साल 1999 में अपनी ड्रीम कार टाटा इंडिका लॉन्च की। इस कार की लॉन्चिंग के बाद से ही इसमें कई दिक्कतें आने लगी। दरअसल इंडिया पानी भरे रास्तों पर बीच में रुक जाती थी। जिसके चलते ये हैचबैक कार बुरी तरह से पिट गई। अपनी ड्रीम कार का ये हाल देखकर रतन टाटा बहुत दुखी हुए और उन्होंने टाटा मोटर्स का कार बिजनेस बेचने का फैसला कर लिया
इसी बीच अमेरिकन ऑटोमेकर फोर्ड ने टाटा के कार बिजनेस में रूचि दिखाई और सौदा पक्का करने के लिए रतन टाटा को अमेरिका आने का न्यौता भेज दिया। रतन टाटा फोर्ड के साथ सौदा करने के लिए अमेरिका में फोर्ट मोटर के हेड ऑफिस में पहुंचे। जहां उनके साथ कंपनी के शेयर होल्डर्स भी थे। फोर्ड कंपनी के साथ रतन टाटा की करीब 3 घंटे मीटिंग चली।
इस बैठक के दौरान फोर्ड के चेयरमैन ने रतन टाटा पर कटाक्ष करते हुए अपमानजनक अंदाज में कहा कि “जब तुम्हें कार बिजनेस की कोई जानकारी नहीं थी तो, तुमने इस कार को लांच करने में इतना पैसा क्यों लगा दिया? खैर, हम फोर्ड तुम्हारी कंपनी को खरीदकर तुम पर अहसान कर रही है। रतन टाटा को फोर्ड के अधिकारी के यह बात बेहद बुरी लगी और मीटिंग को छोड़कर भारत लौट आए। इस मीटिंग के बाद रतन टाटा ने टाटा मोटर्स को बेचने का फैसला दिमाग से निकाल दिया और फिर एक बार मेहनत करने की ठानी और सफलता हासिल की।
फोर्ड के दो ब्रांड खरीदके दिया जवाब – 2008 में आई वैश्विक मंदी के कारण फोर्ड कंपनी घाटे के कारण दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गई। ऐसे में रतन टाटा ने फोर्ड की लेंड रोवर और जगुआर को खरीदने का प्रस्ताव रखा, जिनके कारण ही फोर्ड कंपनी घाटे में गई थी। इस तरह करीब 8 साल बाद रतन टाटा ने उसी कंपनी की हिस्सेदारी खरीद ली। जिसके बाद फोर्ड के चेयरमैन बिल बोर्ड ने रतन टाटा को धन्यवाद दिया।
शादी होते-होते रह गई – वैसे तो रतन टाटा का पूरा जीवन दिलचस्प किस्सों से भरा पड़ा है। इसमें शादी ना करने का किस्सा भी है। आज हम आपको इसी किस्से के बारे में बताने जा रहे हैं। यह किस्सा रतन टाटा ने पिछले साल खुद बताया था। फेसबुक पेज Humans of Bombay पर रतन टाटा ने अपने बचपन, प्यार, रिलेशनशिप और शादी के बारे में खुलकर बात की। रतन टाटा ने बताया था कि एक बार वे एक बार शादी करने के काफी करीब पहुंच गए थे, लेकिन कई कारणों से यह शादी नहीं हो पाई।
यह भी पढ़ें: रतन टाटा की इस कंपनी ने 22 साल में 60 हजार के बना दिए 63 लाख, जानिए कैसे
भारत-चीन युद्ध भी रहा बड़ा कारण – रतन टाटा ने बताया कि कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद वे अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक आर्किटेक्ट फर्म में काम करने लगे। इस दौरान उनको अपने साथ काम करने वाली लड़की से प्यार हो गया। वह शादी करने ही वाले थे कि उनको अपनी दादी की याद आने लगी। वह अपनी दादी से 7 साल से नहीं मिले थे और उनसे मिलने के लिए भारत लौट आए। उस समय भारत और चीन के बीच युद्ध चल रहा था। दादी से मिलने के बाद रतन टाटा अमेरिका गए और लड़की के घरवालों से भारत चलकर शादी करने की बात कही। लेकिन चीन के साथ युद्ध की वजह से लड़की के घरवालों ने भारत आने और शादी दोनों से इनकार कर दिया।