रिलायंस इंडस्ट्रीज की 46वीं एजीएम की बैठक हुई। इस बैठक में कई बड़े ऐलान किए गए। वहीं रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनका फाउंडेशन पूरे भारत में 10 लाख से अधिक महिलाओं को सशक्त बनाएगा।
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा, “बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के साथ साझेदारी में हमने पूरे भारत में 10 लाख महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। अगले तीन वर्षों में यह पहल महिलाओं को कृषि और गैर-कृषि आय-सृजन गतिविधियों में समर्थन और संलग्न करेगी। इससे उन्हें कम से कम 1 लाख रुपये की वार्षिक आय प्राप्त करने में मदद मिलेगी।”
वहीं रिलायंस के चेयरपर्सन नीता अंबानी द्वारा की गई घोषणा पर उद्योगपति बिल गेट्स ने भी खुशी जताई है। उन्होंने कहा, “वह भारत और रिलायंस के साथ उनकी साझेदारी को लेकर बेहद आशावादी हैं। गेट्स फाउंडेशन पिछले दो दशकों से भारत में कम कर रहा है। जब भी मैं भारत आया मुझे यहां गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं व चुनौतियों के मोर्चे पर होने वाली प्रगति देखकर बेहद खुशी हुई है। संसाधनों में कमी के बावजूद भारत ने पोलियो का उन्मूलन कर दिया। देश में शिशु मृत्यु दर और गरीबी में भी कमी आई है।”
बिल गेट्स ने कहा, “नीता अंबानी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर उनकी साझेदारी के बारे में बात की है। हम स्वयं सहायता समूह के माध्यम से 10 लाख महिलाओं को उनकी क्षमता को दिखाने और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करेंगे। भारत के पास दुनिया और देश के लिए हाई क्वालिटी वाली किफायती दवाएं और वैक्सीन बनाने का एक बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड है। रिलायंस फाउंडेशन के साथ काम करने का हमारा लक्ष्य इस इनोवेशन को समर्थन करना है।”
रिलायंस की एजीएम की बैठक में मुकेश अंबानी ने भी कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि जियो एयर फाइबर को गणेश चतुर्थी के दिन यानी 19 सितंबर को लांच किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी ने पिछले 10 सालों में 150 अरब डॉलर का निवेश किया है, जो अब तक का सबसे अधिक निवेश है।